Thursday, March 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपूर्व सैनिक ने गोली मारकर पत्नी व समधन को मार डाला, पुत्रवधु...

पूर्व सैनिक ने गोली मारकर पत्नी व समधन को मार डाला, पुत्रवधु घायल

फर्रुखाबाद (हि.स.)। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को पूर्व सैनिक ने गोली मारकर पत्नी तथा समधन को मौत के घाट उतार दिया। पुत्रवधु को हथौड़ा मार कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। पूर्व सैनिक ने दहेज के मुकदमे से आजिज आकर इस हृदय विदारक घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने पूर्व सैनिक को गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला शिवाजी काॅलोनी निवासी पूर्व सैनिक विजय शंकर का पुत्र माधव भी सेना में नौकरी करता है। उनका 4 फरवरी 2022 को मोहल्ला नगला नयन निवासी राजेश श्रीवास्तव की 22 वर्षीय पुत्री काजल से विवाह हुआ था। विवाह के कुछ दिन बाद ही काजल ने दहेज उत्पीड़न का केस ससुराल वालों पर कर दिया जिसे लेकर काजल अपने मायके में ही रह रही थी। सोमवार को काजल अपनी 53 वर्षीय मां सरिता के साथ अपनी ससुराल कुछ सामान लेने आई थी। काजल और उसकी मां के आने पर उसके ससुर विजय शंकर से विवाद हो गया। उसी दौरान विजय शंकर ने अपनी 12 बोर बंदूक चला दी, जो विजय शंकर की पत्नी 60 वर्षीय सत्यवती को लग गयी और उसकी मौत हो गयी। पत्नी की मौत होने पर विजय शंकर ने समधन को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। उसके ऊपर हथौड़े से भी हमला किया, जबकि बहू काजल के भी सिर में गंभीर चोट आई, उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप, सीओ सिटी प्रदीप कुमार, फील्ड यूनिट आदि मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर दो कारतूस के खोखे भी मिले। पुलिस ने मौके से ही विजय शंकर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल अभी पुलिस जांच कर रही है। एएसपी ने बताया कि जांच की जा रही है। हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

चंद्रपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular