रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला (बलरामपुर)।
प्रशासन ने लगभग पाँच करोड़ रुपये की जमीन को पूर्व सपा विधायक आरिफ अनवर हाशमी के भाई फरीद हाशमी के अवैध कब्जेदारी से ने मुक्त करा दिया। तहसीलदार प्रमेश कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध निर्माण ढहा दिया गया। इससे पहले पूर्व विधायक की सम्पत्ति पर भी बुलडोजर चल चुका है। उनकी करोड़ों की सम्पत्तियाँ भी कुर्क की जा चुकी हैं।
थाना क्षेत्र के मनुवागढ़ में मनकापुर मार्ग पर स्थित गाटा संख्या 799 नवीन परती की भूमि पर अवैध रुप से कब्जे को तहसीलदार उतरौला प्रमेश कुमार सोनकर ने हटवाया। पूर्व विधायक आरिफ अनवर हाशमी के परिजनों का ग्राम सभा मनुवागढ में मनकापुर मार्ग पर स्थित नवीन परती भूमि को कूटरचित ढंग से राजस्व अभिलेखों से छेड़छाड़ कर कीमती जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। उक्त भूमि के .040 हेक्टेयर पर पूर्व विधायक आरिफ अनवर हाशमी के भाई फरीद अनवर हाशमी का कब्जा था। कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज, वरिष्ठ उप निरीक्षक हरेकृष्ण उपाध्याय, लेखपाल विनय कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार, संतोष कुमार, जगदम्बा प्रसाद, सुभाष चन्द्र वर्मा सहित भारी संख्या में पुलिस प्रशासन मौजूद रहे। तहसीलदार उतरौला ने बताया कि लगभग पांच करोड़ की ज़मीन से अतिक्रमण हटाया गया है।
