हमीरपुर (हि.स.)। मौदहा कस्बे के नेशनल रोड स्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर में उन्हीं के सुरक्षा गार्ड ने गुरुवार को लाइसेंसी बन्दूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना पाते ही हमीरपुर से फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, वहीं स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौके से पूर्व जिला पंचायत सदस्य की लाइसेंसी बन्दूक भी बरामद की गई है। इसी बन्दूक से सुरक्षा गार्ड ने घटना को अंजाम दिया है।
जलालपुर थाना क्षेत्र के धौहल गांव निवासी श्याम बाबू (50) पुत्र मैयादीन यहां मौदहा कस्बे के नेशनल रोड स्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरिशरण सिंह पुत्र शिव नारायण सिंह के घर में काफी समय से सुरक्षा गार्ड था। उनके साथ रहकर घर का काम भी करता था। गुरुवार को इसने पूर्व जिला पंचायत सदस्य की लाइसेंसी बन्दूक से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना से पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पाते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी बन्दूक बरामद की है। घटना की जानकारी होते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
कोतवाल पीके पटेल ने बताया कि श्याम बाबू पूर्व जिला पंचायत सदस्य के यहां सुरक्षा गार्ड था। तीन दिन पहले एक ट्रेन एक्सीडेंट में इसके एक हाथ में गंभीर चोटें आई थी जिसका इलाज डॉक्टर कर रहे थे। डॉक्टर ने उसके हाथ का पंजा काटने की बात कही थी, जिससे वह परेशान हो गया था। बताया कि फील्ड यूनिट भी मौके पर जांच कर रही है।
