– नरेश हत्याकांड में एक साल से चल रहा था फरार
गाजियाबाद (हि.स.)। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी के पुत्र गिरीश त्यागी ने सोमवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की (सीजेएम) अदालत में आत्म समर्पण कर दिया है। अदालत ने गिरीश त्यागी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरीश अपने सगे मामा नरेश त्यागी की हत्या में आरोपी है और वह करीब एक साल से फरार चल रहा था। रविवार को ही नरेश के पुत्र अभिषेक त्यागी ने 10 नवम्बर से मुख्यमंत्री के आवास के बाहर अनशन करने की चेतावनी दी। गिरीश त्यागी मुरादनगर के भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी का सगा भाई है।
गिरीश त्यागी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में आत्म समर्पण के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया था, जिस पर आज की तारीख निश्चित थी। आज गिरीश त्यागी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पहुंचे और आत्म समर्पण कर दिया, जिसके बाद उन्हें अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी के साले नरेश त्यागी की 09 अक्टूबर 2020 को लोहिया नगर में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर थी। इस मामले में पुलिस ने कुख्यात बदमाश जितेंद्र त्यागी के अलावा विपिन शर्मा, मनोज कुमार व अर्पण चौधरी को गिरफ्तार किया था, जबकि मामले का मुख्य साजिशकर्ता गिरीश त्यागी पिछले एक वर्ष से फरार है। पुलिस अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी थी।
