– छह साल में साढ़े पांच करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर उठे
– जातिवाद, परिवारवाद के शिकंजे में भ्रष्टाचार के प्रतीक बन गए थे सपा के नारे
गोरखपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संसाधनों से अमीर होने के बावजूद उत्तर प्रदेश पूर्व की गैर भाजपा सरकारों की कुनीति व कुशासन से गरीब और बीमारू राज्य बना था। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सुनीति और सुशासन से उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। आज दुनिया मानती है कि यूपी गरीब व बीमारू राज्य नहीं बल्कि वह प्रदेश है, जहां छह साल में साढ़े पांच करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर उठे हैं। मुख्यमंत्री योगी सोमवार को वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में आयोजित पीएम आवास योजना के लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों को सवालों के घेरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों ने जनता को जनहित और विकास की योजनाओं के लाभ से वंचित रखा। कांग्रेस नारा देकर भी गरीबी नहीं हटा पाई।
उनके एजेंडे में सिर्फ मैं और मेरा परिवार था
सपा का बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि उनके एजेंडे में “मैं” और मेरा परिवार ही था। प्रदेश के संसाधनों को लूटने के लिए महाभारत के सभी रिश्ते जुड़ जाते थे। उन्होंने किसानों, व्यापारियों का शोषण किया, युवाओं से अन्याय किया, महिलाओं की सुरक्षा खतरे में डाली।
बाल बांका नहीं कर सकती बीमारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में 15 जुलाई से 15 नवंबर तक का समय इंसेफेलाइटिस की दहशत के नाम रहता था। 40 वर्षों में 50 हजार बच्चों की मौत हो गई थी। डबल इंजन की सरकार ने इंसेफेलाइटिस का समूल कर दिया है। इंसेफेलाइटिस पूरी तरह नियंत्रित है, बस उन्मूलन की घोषणा ही बाकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सुदृढ़ीकरण और एम्स की स्थापना हो जाने से सर्दी हो या गर्मी, बरसात हो या बसंत, कोई भी बीमारी बच्चों का बाल बांका नहीं कर सकती।
कोई पैसा मांगे तो सीधे मुझे दें सूचना
योगी ने कहा कि पीएम मोदी का सपना है कि हर व्यक्ति के पास अपना घर हो। हर व्यक्ति की भी यही कामना होती है कि उसके पास अपना घर, उसमें बिजली पानी, रसोई गैस, राशन कार्ड, स्वास्थ्य बीमा आदि की सुविधा हो। आजादी के बाद पहली बार डबल इंजन की सरकार ऐसी सभी योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने पीएम आवास योजना को प्रधानमंत्री की तरफ से गिफ्ट बताते हुए कहा कि किस्त की रकम से समय पर मकान बनवाइए। यदि कोई पैसा मांगे तो सीधे मुझे सूचना दीजिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस कनेक्शन, आयुष्मान योजना का लाभ भी दिया जाएगा।
विकास संग जनकल्याण की बढ़ रही रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में विकास के साथ ही जनकल्याण की रफ्तार निरंतर बढ़ रही है। देश का सुरक्षित राज्य होने के साथ यूपी निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य है। गोरखपुर को ही देखें तो अच्छी सड़कें शोभा बढ़ा रही हैं। एम्स, खाद कारखाना, चिड़ियाघर, रामगढ़ताल से विकास की नई तस्वीर दिखती है। मेडिकल कॉलेज रोड विदेशी रोड लगता है। फ्लाईओवर बन जाने से खजांची चौक पर जाम की समस्या भी समाप्त हो जाएगी। आज गोरखपुर में सब कुछ है। यहां से संगठित अपराध, गैंगवार का सफाया हो चुका है। मच्छर और इंसेफेलाइटिस की समस्या का समाधान हो गया है। गोरखपुर तो अब सभी बीमारियों का समाधान करने वाला क्षेत्र बन गया है। दुनिया के निवेशक यहां निवेश करने आना चाहते हैं। गोरखपुर चार विश्वविद्यालय से शिक्षा का आधुनिक हब बन गया है।
मेरी माटी, मेरा देश अभियान से जुड़ने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी लोगों से मेरी माटी, मेरा देश अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारा देश व इसकी माटी के प्रति दायित्व होता है कि हम गंदगी न फैलाएं, अराजकता का प्रतिकार करें, भ्रष्टाचार को पनपने न दें। अराजकता, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार की सूचना शासन-प्रशासन को दें।
लाभार्थी सम्मेलन को प्रदेश सरकार के मत्स्य विकास मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. आमोदकांत/सियाराम
