Monday, April 6, 2026
Homeअन्यपूर्वोत्तर रेलवे के ऐशबाग सहित कई स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था होगी पुख्ता

पूर्वोत्तर रेलवे के ऐशबाग सहित कई स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था होगी पुख्ता

-पूर्वोत्तर रेलवे कई स्टेशनों पर लागू करेगा वीडियो सर्विलांस प्रणाली

-रेलवे स्टेशनों पर बैठे सुरक्षा अधिकारी देख सकेंगे

-आसपास के स्टेशन की गतिविधियां

लखनऊ (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन लखनऊ के ऐशबाग सहित कई स्टेशनों पर वीडियो सर्विलांस प्रणाली लागू करने जा रहा है। इससे रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता हो जाएगी।

पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन लखनऊ,वाराणसी और इज्जतनगर मंडल के कई स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से पुख्ता करने के लिए वीडियो सर्विलांस प्रणाली लागू करने जा रहा है। इन स्टेशनों में लखनऊ के ऐशबाग,सुरेमनपुर, खोरासन रोड, लखीमपुर, कन्नौज, फतेहगढ़, फर्रुखाबाद, कासगंज, पीलीभीत, बरेली सिटी, काशीपुर, लालकुआं और हल्द्वानी शामिल हैं।

वीडियो सर्विलांस त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रणाली के अन्तर्गत मुख्यालय, मंडल एवं स्टेशनों के नियंत्रण कक्ष से प्लेटफार्म एवं सर्कुलेटिंग एरिया पर निगरानी रखी जाती है। इस प्रणाली के माध्यम से रेलवे स्टेशन परिसर ही नहीं प्लेटफार्मों पर खड़ी ट्रेनों की रेक के अंदर की गतिविधियों की भी निगरानी संभव है। वीडियो सर्विलांस प्रणाली में कैमरे को जूम आउट एवं जूम इन कर अवांछनीय तत्वों की पहचान की जा सकती है। इस प्रणाली को कहीं से भी ऑपरेट किया जा सकता है। रेलवे स्टेशनों पर बैठे सुरक्षा अधिकारी आसपास वाले किसी भी स्टेशन की गतिविधियां देख सकेंगे। इससे रेलवे स्टेशनों पर चोरी, छिनैती, पॉकेट मारी, जहरखुरानी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार का कहना है कि लखनऊ जंक्शन और गोरखपुर स्टेशन पर वीडियो सर्विलांस सहित एकीकृत सुरक्षा प्रणाली कार्य कर रही है। देवरिया सदर, सीवान, छपरा, बलिया, गाजीपुर सिटी, मऊ, आजमगढ़,बेल्थरा रोड,खलीलाबाद, मनकापुर, गोंडा, बस्ती, सीतापुर, बादशाह नगर,रूद्रपुर सिटी और काठगोदाम सहित कुल 16 स्टेशनों पर वीडियो सर्विलांस प्रणाली लागू कर दी गई है।

इसके अलावा ऐशबाग सहित कई स्टेशनों पर वीडियो सर्विलांस प्रणाली लागू करने की तैयारी है। इस प्रणाली के लागू होने से रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता हो जाएगी।

दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular