लखनऊ (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर से लखनऊ होकर कोचुवेली, हिसार और आनंद विहार जाने वाली कई ट्रेनों की एसी बोगियों में बेडरोल (चादर-कम्बल) की सुविधा शुरू कर दी है। इससे यात्रियों को राहत मिली है। कोरोना काल में बेडरोल की सुविधा बंद कर दी गई थी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार ने गुरुवार को बताया कि गोरखपुर से कोचुवेली, हिसार, आनंद विहार, सिकंदराबाद, यशवंतपुर, कानपुर, पुणे और कोलकाता सहित अन्य स्थानों जाने वाली 38 ट्रेनों की एसी बोगियों में यात्रियों को बेडरोल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा कई और ट्रेनों में भी यात्रियों को बेडरोल की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारियां चल रही हैं।
कुमार ने बताया कि भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट पर टिकट बुक कराते समय सबसे नीचे बेडरोल की सुविधा वाली ट्रेनों को जानने के लिए लिंक दिया गया है। उस पर क्लिक कर चादर-कम्बल की सुविधा वाली ट्रेनों की जानकारी हासिल की जा सकती है।
दीपक
