– अज्ञात लोगों के खिलाफ चकेरी और आरपीएफ थाना में दर्ज हुआ मुकदमा
कानपुर, (हि.स.)। कानपुर में पूर्वा एक्सप्रेस ट्रेन को पलटाने की साजिश रची गई थी। इस मामले में चकेरी और कानपुर सेंट्रल स्टेशन की आरपीएफ थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस साजिश के पीछे किन लोगों का हाथ है, इसकी तह तक जाने के लिए पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी के माध्यम से त्रिस्तरीय जांच शुरू हो गई है।
आरपीएफ के थाना प्रभारी बुधपाल सिंह ने बताया कि यह मामला रविवार की रात का है, जहां अज्ञात लोगों ने चकेरी रेलवे स्टेशन से थोड़ा आगे फतेहपुर-कानपुर रेलवे ट्रैक पर एक पत्थर का खम्भा रखा था। रात करीब एक बजे के आसपास पूर्वा एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी, तो ट्रेन का इंजन पत्थर से टकरा गया। पत्थर हलका होने की वजह से वह टूट गया। इधर, चालक ने भी रफ्तार धीमी कर सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन पलटाने की साजिश की जानकारी होने पर रेलवे के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे और लगभग 25 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस घटना को लेकर यात्री भी दहशत में थे। रेल पथिक निरीक्षक की तहरीर पर चकेरी और कानपुर सेंट्रल की आरपीएफ थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरपीएफ थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए त्रिस्तरीय टीम लगी हुई हैं। इसमें आरपीएफ के अलावा जीआरपी और चकेरी थाना की पुलिस है। इसके पीछे किन लोगों का हाथ है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा, जांच चल रही है।
राम बहादुर/दीपक
