Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसा: जिला प्रशासन ने नि:शुल्क एम्बुलेंसों से छह शवों को...

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसा: जिला प्रशासन ने नि:शुल्क एम्बुलेंसों से छह शवों को गंतव्य भेजा

– तीन शव बिहार, दो यूपी के मिर्जापुर और एक शव उत्तराखंड हल्द्वानी भेजा गया

सुलतानपुर(हि.स.)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे 183 किमी पर सुलतानपुर जनपद के अखंडनगर थाना अंतर्गत भेदारा के दोपहर खड़े कंस्ट्रक्शन डंपर में स्विफ्ट डिजायर कार जा घुसी थी। इस दर्दनाक हादसे में चालक समेत छह लोगों की मौत हो गई थी। देर रात सभी के शवों के पोस्टमार्टम कराया गया। जिला प्रशासन ने सभी शवों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग नि:शुल्क एम्बुलेंस उपलब्ध कराई। यह एम्बुलेंस शवों को लेकर बिहार, मिर्जापुर और उत्तराखंड लेकर रवाना हो गई।

बिहार सासाराम के रहने वाले सलीम के पौने चार साल के बेटे एहसान ब्लड कैंसर जैसे जानलेवा मर्ज से जूझ रहा था। डेढ़ माह से दिल्ली के एम्स में उसका इलाज चल रहा था। जहां शनिवार की रात उसने मां की आगोश में आखरी सांस ली। देर रात ही स्विफ्ट डिजायर कार से उसके शव को लेकर परिवार वाले पैतृक गांव के लिए लेकर चल पड़े थे। जहां उसे सुपुर्द खाक किया जाना था। रास्ते में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजरते हुए सुलतानपुर जनपद के अखंडनगर थाना अंतर्गत भेदारा के रविवार को दोपहर मेन ट्रैक पर खड़े कंस्ट्रक्शन डंपर में स्विफ्ट डिजायर कार जा घुसी। इस भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार बच्चे का शव लेकर जा रही मां-नानी, मामा, बुआ व चालक की मौत हो गयी थी।

घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन व यूपीडा कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। तभी स्विफ्ट कार के साथ आ रही आल्टो कार पर सवार लोग भी पहुंच गए और हादसा देखकर सभी चीखने-चिल्लाने लगे। फिलहाल सभी शवों का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम में भेजा गया। जहां रात 11 बजे पोस्टमार्टम कराया गया।

जिलाधिकारी जसजीत कौर व पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने भी दर्दनाक हादसे में मानवता का परिचय दिया है। घटना की खबर मिलने के बाद जहां दोनों अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। राहत बचाव कार्य के साथ कागजी कार्रवाई तत्काल पूरा कराकर रातों रात शव का पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया। वही तीन एम्बुलेंस निःशुल्क सेवा में देकर शव को गंतव्य तक के लिए भेजा गया।

हल्द्वानी निवासी रिश्तेदार आफताब ने बताया कि हादसे में उसकी मां शाहीना व भाई साहिल का शव मिर्जापुर ले जाया जा रहा है। जहां उन्हें सुपुर्द खाक किया जाएगा। जबकि भांजे एहसान (पौने चार साल), बहन रुकसाना और भांजे एहसान की बुआ जमीला के शवों को सासाराम बिहार भेजा गया है। वहां मुस्लिम रीति रिवाज से सभी का अंतिम संस्कार होगा। चालक शाहरुख का शव उत्तराखंड के हल्द्वानी भेजा गया है। उन्होंने घटना में जिला व पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना की है। मामले में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि मृतकों के शवों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई है। वहीं घटना की जांच कराई जा रही है।

दो बहनों में था इकलौता भाई

मासूम एहसान की दो बहन कहकशां (12) व आसिफा (9) हैं। पिता सलीम बिहार के सासाराम में जनरल स्टोर की दुकान चलाते हैं। वे दुकान और बच्चियों की देखरेख के चलते घर पर ही थे। एहसान को उसकी मां शाहीना अपने मायके वालों के साथ लेकर दिल्ली एम्स गई थी। बार-बार डॉक्टर को दिखाने के कारण वो दिल्ली में ही रिश्तेदार के घर पर रुक जाती थी। बेटी की मौत के बाद वह परिवार के साथ बिहार लौट रही थी। हालांकि कुदरत को कुछ और मंजूर था और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी।

दयाशंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular