Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपूरे प्रदेश में हुई बारिश ने बढ़ाई किसानों की परेशानी

पूरे प्रदेश में हुई बारिश ने बढ़ाई किसानों की परेशानी

लखनऊ (हि.स.)। पूरे प्रदेश में बारिश ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी है। प्रदेश में लखनऊ समेत कई जगह ओले भी पड़े। इसके साथ ही शनिवार से ही बादल के कारण रबी की फसलों को काफी नुकसान पहुंचने का अंदेशा लगाया जा रहा है। इस बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी।

गाजीपुर के प्रगतिशील किसान पंकज राय का कहना है कि इस मौसम में कई बार बारिश हो गयी, जिससे रबी की फसलों पर दुष्प्रभाव पड़ चुका है। विशेषकर दलहन और तिलहन तो पहले ही खराब होने के कगार पर हैं। इस बारिश के कारण बिल्कुल ही समाप्त प्राय हो जाएगा। सब्जियों पर भी इसका खराब असर पड़ेगा। वहीं आम के बौर भी बरबाद हो जाएंगे।

सुलतानपुर जिले के प्रगतिशील किसान राम कीरत मिश्र ने कहा कि खेती के लिए बहुत ही नुकसानदायक है। इससे रबी की सभी फसलों को नुकसान होगा। अब मौसम साफ हो तो किसानों को इसके बचाव के लिए उपाय करना चाहिए। बचाव का उपाय करने से भी सब कुछ तो नहीं बचाया जा सकता, लेकिन कुछ तो बच सकता है। जहां भी ओले गिरे, वहां तो सबकुछ बर्बाद हो जाने की संभावना है।

जिला उद्यान अधिकारी डा. शैलेन्द्र दुबे का कहना है कि किसानों को सावधानी से काम लेना चाहिए। केले की फसल अभी छोटे हैं, लेकिन जहां भी ओले गिरे, वहां उसे भी नुकसान पहुंचेगा। हरी मिर्च को भी नुकसान होगा। मौसम साफ होते ही फसलों पर दवाओं का इस्तेमाल करना चाहिए। यह बता दें कि लखनऊ, कानपुर, बांदा, सहारनपुर आदि जिलों में ओले गिरने की खबर है। बारिश और हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के साथ प्रदेश के कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। प्रदेश के अधिकतर इलाकों में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट अधिकतम तापमान में दर्ज की गई। ओलावृष्टि, बारिश, गरज चमक और बिजली गिरने के आसार हैं।

उपेन्द्र/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular