Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपूरे उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुआ : डॉ दिनेश शर्मा

पूरे उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुआ : डॉ दिनेश शर्मा

बोले, भाजपा जनता को सपने नहीं दिखाती, बल्कि उन्हें पूरा करती है

वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने शनिवार को कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुआ है। जिलों में अभूतपूर्व काम हुआ है। मथुरा काशी, प्रयागराज, लखनऊ देख लें कई जगह खासकर छोटे जिलों में विकास की लहर आई है। शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने आये उप मुख्यमंत्री मीडिया से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, गंगा एक्सप्रेस वे, काशी विश्वनाथ धाम, मेट्रो स्टेशन निर्माण, विद्यालयों का निर्माण, डिग्री कॉलेज बन गए हैं, 12 विश्वविद्यालय बन रहे हैं, पुलों का निर्माण हो रहा है। इससे काफी असर पड़ा है। काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पित होने वाला है। पहले लोग गलियों में टकरा कर बाबा के दरबार में जाते थे। संस्कृति और स्मृतियों का ये कार्य लोग सैकड़ों साल तक याद रखेंगे। मंगल कामना करने और आह्लादित होने के समय हैं।

विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े चार साल तक आप दिल्ली या विदेश में रहते हैं, इससे मतलब नहीं है, लेकिन जब संकट आता है, कोरोना काल के वक्त में आप अपने घरों में छिपे रहते हैं। अपने चुनाव क्षेत्र तक में नहीं जाते। चुनाव आता है तो आप विकास के मुद्दे पर बात नहीं करते हैं, बल्कि जनता को बरगलाने की कोशिश करते हैं। लहरतारा स्थित निजी विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा के साथ दुष्कर्म से जुड़े सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना दुखद और निंदनीय है। पुलिस बच्ची के परिवार के सम्पर्क में है और वह जैसा चाहेंगे वैसा होगा। सरकार पीड़ित बच्ची और उसके परिवार के साथ है।

बच्ची का परिवार अगर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एक्शन की मांग करता है तो हम कठोरता के साथ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले सरकारों की तुलना में अपराध कम है। प्रदेश सरकार के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण के ग्राफ को देखकर इसका अंदाजा लग सकता है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विरोधी दलों ने जनता के कितने सपनों को पूरा किया, भाजपा जनता को सपने नहीं दिखाती बल्कि उन्हें पूरा करती है। विधानसभा चुनाव को लेकर पूछ गये सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा स्वयं अपना रिकार्ड तोड़ेगी।

काशी विद्यापीठ में उप मुख्यमंत्री ने कर्मचारी आवास का किया लोकार्पण

वाराणसी दौरे में उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने शनिवार को ही महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कर्मचारी आवास का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में विद्यापीठ, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय व उच्च शिक्षा से जुड़े अफसरों के साथ बैठक की।

RELATED ARTICLES

Most Popular