– रेलवे ने अधिक भीड़ वाली ट्रेनों की निगरानी के लिए बनाई कमेटी
लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से लखनऊ से मुंबई के बीच चलने वाली पुष्पक एक्सप्रेस सहित अधिक भीड़ वाली ट्रेनों की निगरानी करेगा। इसके लिए एक मॉनिटरिंग कमेटी बनाई गई है।
लखनऊ मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि लखनऊ से मुंबई के बीच चलने वाली पुष्पक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में इन दिनों भीड़ बढ़ रही है। इसके चलते रेलवे प्रशासन ने पुष्पक एक्सप्रेस सहित अधिक भीड़ वाली ट्रेनों की निगरानी करने का फैसला किया है। अधिक भीड़ वाली ट्रेनों की निगरानी के लिए एक कमेटी बनाई गई है। जहां से अनारक्षित और आरक्षित ट्रेनों में होने वाली वेटिंग की निगरानी की जाएगी। रेलवे बोर्ड ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच ट्रेनों में यात्रियों की संख्या कम करने को कहा है। सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम (क्रिस) को भी अधिकतम वेटिंग लिस्ट की सीमा घटाने को कहा गया है। फिलहाल बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच रेलवे अलर्ट पर है।
रेलवे ने कुछ ट्रेनों में जनरल टिकट की बिक्री शुरू की है। इन ट्रेनों में कई कोच आरक्षित किये गए हैं, जिनमें जनरल टिकट की भी व्यवस्था की गई है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच रेलवे प्रशासन ने लखनऊ जंक्शन और चारबाग रेलवे स्टेशन पर बिना मास्क वाले यात्रियों का प्रवेश बंद कर दिया है। ट्रेनों और स्टेशनों पर जो भी यात्री बिना मास्क लगाए मिल रहे हैं उनसे जुर्माना वसूला जा रहा है।
दीपक
