Monday, March 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपुष्पक एक्सप्रेस में 30 अक्टूबर से लगेंगे एसी थर्ड इकोनॉमी कोच

पुष्पक एक्सप्रेस में 30 अक्टूबर से लगेंगे एसी थर्ड इकोनॉमी कोच

-एसी इकोनॉमी बोगी वाली लखनऊ की पहली ट्रेन होगी पुष्पक एक्सप्रेस

लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन पुष्पक एक्सप्रेस में 30 अक्टूबर से 83 सीटों वाले एसी थर्ड इकोनॉमी क्लास के दो कोच लगाएगा। इससे यात्रियों का सफर पहले की अपेक्षा और सस्ता हो जाएगा।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, लखनऊ से मुम्बई के बीच चलने वाली पुष्पक एक्सप्रेस में दीपावली से पहले एसी थर्ड इकोनॉमी क्लास की दो बोगियां लगने लगेंगी। पुष्पक एक्सप्रेस में मुम्बई से 30 अक्टूबर से एसी थर्ड इकोनॉमी क्लास की दो बोगियां लगाई जाएंगी, जबकि लखनऊ जंक्शन से एक नवम्बर से एसी थर्ड इकोनॉमी क्लास की दो बोगियां लगाई जाएंगी। इससे यात्रियों का सफर पहले की अपेक्षा और सस्ता हो जाएगा।

रेलवे ने लखनऊ से मुम्बई तक एसी थर्ड इकोनाॅमी का किराया 1560 रुपये तय किया है, जबकि इसी ट्रेन में एसी थर्ड क्लास का किराया 1665 रुपये है। एसी थर्ड इकोनाॅमी में 83 सीटें होंगी, जबकि सामान्य एसी थर्ड क्लास की बोगी में 72 सीटें होती हैं। एसी थर्ड इकोनाॅमी क्लास में लखनऊ से भोपाल तक किराया 890 रुपये होगा, जबकि एसी थर्ड का किराया 965 रुपये तय किया गया है। पुष्पक एक्सप्रेस में लखनऊ जंक्शन से नासिक का एसी थर्ड इकोनाॅमी का किराया 1375 रुपये होगा। हालांकि इसी ट्रेन में एसी थर्ड में सफर करने वाले यात्रियों का किराया 1470 रुपये होगा। रेलवे ने लखनऊ से झांसी तक के सफर के लिए दोनों ही क्लास का किराया एक समान 555 रुपये रखा है। किराए में बदलाव ललितपुर स्टेशन से होगा।

सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (क्रिस) ने पुष्पक एक्सप्रेस की एसी थर्ड इकोनाॅमी बोगी के रिजर्वेशन की फीडिंग कर दी है। यात्री एडवांस रिजर्वेशन कराते समय अब एसी थर्ड इकोनाॅमी का विकल्प चुन सकते हैं। इस क्लास में यात्रा के लिए कोड 3ई होगा।

दरअसल, रेलवे प्रशासन 30 अक्टूबर से पुष्पक एक्सप्रेस सुपरफास्ट की परंपरागत बोगियों वाले रैक को हटा रहा है। इसकी जगह अत्याधुनिक तकनीक वाली लिंक हॉफमैन बुश (एलएचबी) बोगियां लगायी जाएंगी। पुष्पक एक्सप्रेस लखनऊ की पहली ट्रेन होगी जिसमें एलएचबी क्लास की एसी थर्ड इकोनाॅमी बोगियां लगेंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular