कानपुर देहात(हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को पुलिस कस्टडी में मारे गए बलवंत के परिवार से मिलने कानपुर देहात पहुंचे। यहां पर उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद सपा अध्यक्ष ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला। कहा कि पुलिस हिरासत के दौरान मौत के मामले में देश में नंबर वन है उत्तर प्रदेश।
यह आरोप कानपुर दौरे पर आ रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कानपुर देहात जनपद में पुलिस की बर्बरता का शिकार हुए बलवंत की पत्नी शालिनी व परिजनों से मिलने के बाद कही। सपा अध्यक्ष ने कहा कि परिवार के सामने इस बर्बरता से पुलिस वालों ने बलवंत को इतना पीटा की आप कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। इसमें बलवंत की जान चली गई। अखिलेश ने कहा कि इस पूरी घटना में साजिश है और षड्यंत्र है। पूरी तरह से घटना की जिम्मेदार पुलिस है। जो कार्रवाई हुई है हमें इतने से संतुष्ट नहीं होना है। ऐसी कार्रवाई पहले भी हुए हैं।
अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से पुलिस हिरासत में मौत की घटना रुक क्यों नहीं रही है। मैं आपको बता दूं ऐसी घटना इसलिए नहीं रुक रही हैं क्योंकि सरकार की नियत साफ नहीं है। क्योंकि सरकार झूठे मुकदमे लगाना, झूठा फसाना, वसूली करना, चरम सीमा पर लूट और भ्रष्टाचार इस सरकार में फैला हुआ है।
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कहीं और घटना हो तो आप सरकारी नौकरी देते हैं और यहां पर जो घटना हुई है आप आंगनबाड़ी में रोजगार देना चाहते हैं। मैं सरकार से मांग करता हूं कि मृतक की पत्नी शालिनी को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये देकर उसकी मदद करनी चाहिए। सपा सुप्रीमो ने सरकार से मांग की कि घटना की सीबीआई जांच सिटिंग जज की देखरेख में कराई जाए ताकि परिवार को न्याय मिल सके। लगभग एक घण्टे की मुलाकात के बाद अखिलेश यादव कानपुर नगर के लिए रवाना हो गए।
अखिलेश यादव को पुलिस बर्बरता से हुई बलवंत सिंह की मौत के बाद पीड़ित पत्नी शालिनी और परिवार ने मदद के लिए पत्र लिखा था। इसको देखते हुए अखिलेश यादव ने अपने कानपुर दौरे में 20 दिसम्बर के दौरे को बदलते हुए एक दिन पूर्व सोमवार को कानपुर जाने का निर्णय लिया। बदले प्रोटोकॉल के बाद सैफई से औरैया होते हुए अखिलेश यादव कानपुर देहात जनपद पहुंचे, जहां सबसे पहले उन्होंने पुलिस बर्बरता से हुई बलवंत की माैत से पीड़ित उसके परिजनों से मिले। हालांकि अखिलेश के आगमन के तय समय से एक घंटे देरी देरी से यहां पहुंचे। इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने कानपुर दौरे के लिए रवाना हो गए। कानपुर में वह सपा विधायक इरफान सोलंकी से मिलने जिला कारागार जाएंगे। साथ ही अपने तय तीन कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम को सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
अवनीश
