लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को पुलिस स्मृति दिवस परेड कार्यक्रम में शामिल हुए और कर्तव्य पालन करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2020-21 में कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को उत्तर प्रदेश पुलिस के चार बहादुर पुलिसकर्मी शामिल हैं। इस मौके पर मैं सभी शहीद पुलिसकर्मी को श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। हमारे जांबाज पुलिस कर्मियों का यह सर्वोच्च बलिदान हमें निरंतर कर्तव्य पथ पर पूर्ण निष्ठा, मनोयोग एवं दायित्व बोध के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देता रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रयागराज कुंभ 2019, लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2019 और त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2020 को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में प्रदेश पुलिस बल का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान प्रदेश की जनता की सहायता के लिए सदैव तत्पर रही है। कोरोना वारियर्स के रूप में अभूतपूर्व योगदान रहा है। पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य का पालन करते हुए कोरोना संक्रमित हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था को सुदृढ़ कर जनमानस में सुरक्षा की भावना बलवती करना एवं अपराधियों में कानून का भय पैदा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस बल की क्रियाशीलता एवं प्रभाव में वृद्धि हेतु विभिन्न जिलों में 71 नए पुलिस थानों एवं 45 पुलिस चौकियों की स्थापना की गई है। बेहतर रणनीति एवं सम्यक सुरक्षात्मक प्रबंधन द्वारा प्रदेश पुलिस बल ने कानून व्यवस्था की विभिन्न चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर शांति व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति को सर्वथा नियंत्रित रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। इसके परिणामस्वरूप विभिन्न जिलों में दुर्दांत अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही के दौरान 20 मार्च 2017 से 10 अक्टूबर 2021 की अवधि में कुल 151 अपराधी मुठभेड़ में मारे गए हैं। 3473 घायल हुए हैं। इस कार्यवाही में पुलिस बल के 13 जवानों ने प्रदर्शन करते हुए वीरगति प्राप्त की और 1198 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। प्रदेश में अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसने के लिए गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत 45603 तथा नशे में 657 अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। प्रदेश के चिन्हित 25 माफिया तथा उनके गैंग के सदस्यों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं एवं बच्चों का उत्पीड़न रोकने, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों को नियंत्रित करने, उन्हें यथाशक्ति सहयोग प्रदान करने तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की स्थापना भी की गई है। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सम्मान और स्वाभिमान के उद्देश्य से प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पुलिस की व्यापक कार्यवाही से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना जागृत हुई है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अंत में एक बार पुनः उत्तर प्रदेश पुलिस के उन वीर शहीदों को मैं अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने कर्तव्य पथ पर प्राण उत्सर्ग किया है। मैं उनके परिजनों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि वह अभी भी पुलिस परिवार के अभिन्न हिस्सा हैं। उनकी हर समस्या का निराकरण करने के लिए विभाग पूर्णतया प्रतिबद्ध रहेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रदेश पुलिस के सभी सदस्य पूरी इमानदारी कर्तव्य परायणता तथा सेवा की भावना से कार्य करते हुए उत्तर प्रदेश की जनता के मन में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने में सहयोग करेंगे। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, पुलिस महानिदेशक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
