Monday, March 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपुलिस सरकार अपराधियों के आगे नतमस्तक, अराजकता चरम पर: अजय लल्लू

पुलिस सरकार अपराधियों के आगे नतमस्तक, अराजकता चरम पर: अजय लल्लू

लखनऊ (हि.स.)। पुलिस और सरकार का इकबाल अपराधियों के आगे नतमस्तक हो चला है। पूरे राज्य में अराजकता अपने चरम पर है। अपराध को अंजाम देने के बाद अपराधी खुलेआम फरार हो जाते हैं और उनकी गिरफ्तारी तक नहीं हो पाती। अब तो राजधानी लखनऊ भी आये दिन होने वाली गैंगवार से सहम उठी है। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कही।
उन्होंने कहा कि अपराध उप्र में ‘ईज आफ डूइंग क्राइम’ के रूप में नये प्रतिमान गढ़ रहा है। करोड़ों रुपये मिशन शक्ति के नाम पर खर्च करने के बाद महिला सुरक्षा की हालत यह है कि नोएडा में बहन के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की सरेराह चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गयी। सरकार कानून व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने के बजाए मनमोहक नारे देने में ज्यादा जोर दे रही है।  
उन्होंने कहा कि ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था को ठीक करने के बजाए मुख्यमंत्री योगी फर्रुखाबाद में हठपूर्वक ऐलान कर रहे हैं कि गरीबों को इंसाफ मिल रहा है, माफिया और उनके रहनुमा डरे हुए हैं। बच्चियां स्कूल और अपने दफ्तरों में आ जा रही हैं। आम जनता बाहर निकलने में सुरक्षित महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री जी का यह कहना हास्यास्पद ही नहीं अपितु प्रदेश की जनता के जज्बातों के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ अपराधियों पर प्रदेश की योगी सरकार और पुलिस का इकबाल लगातार समाप्त होता जा रहा है वहीं किसानों, नौजवानों, बेरोजगारों की आवाज उठाने पर कांग्रेस नेताओं पर फर्जी मुकदमे लादकर उन्हें जेल भेजने का काम किया जा रहा है। अपराध और अपराधियों से निपटने में नाकाम योगी सरकार सम्पूर्ण विपक्ष की आवाज को बन्द कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। अपराधियों को सत्ता का खुला संरक्षण मिल रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular