जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिले की छपिया थाने की पुलिस के साथ रविवार की शाम हुए एक मुठभेड़ में 25 हजार रूपये का इनामी एक बदमाश जख्मी हुआ है,जबकि एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि बीते पांच मार्च को छपिया थाना क्षेत्र से एक व्यापारी का अपहरण हो गया था। इस संबंध में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर शुरू की गई विवेचना में तीन बदमाशों का नाम प्रकाश में आया था। इनमें से एक बदमाश गिरफ्तार हो गया था, जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए 25_25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसपी ने बताया कि आज शाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीरपुर रनियापुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान शातिर बदमाश राज कुमार यादव उर्फ निहोरे पुत्र राम उजागिर निवासी लोहरौली थाना पैकोलिया जनपद बस्ती घायल हो गया। उसके साथी जुबैर पुत्र अकबर अली उर्फ अब्दुल रहमान निवासी देवगांव थाना छपिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
बताते चलें कि बीते 05 मार्च को थाना क्षेत्र के अंतर्गत गल्ला एवं मुर्गी दाना व्यापारी बबलू उर्फ सिद्ध प्रकाश पुत्र किशोरी लाल गुप्ता का अपहरण हो गया था। वह उसी दिन अपहर्ताओं के चंगुल से बच निकला था। पुलिस इस संबंध में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही कर रही है।
पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी घायल
RELATED ARTICLES
