फिरोजाबाद(हि.स.)। थाना उत्तर पुलिस टीम ने शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किये गये लाखों के आभूषण, अवैध असलाह व कारतूस बरामद किये हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना उत्तर क्षेत्र में 3 मई की रात्रि में एक नकबजनी की घटना हुई थी। इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर एसओजी, थाना उत्तर के साथ कई पुलिस टीमों को घटना के खुलासे के लिये लगाया गया था।
इसी क्रम में थाना प्रभारी उत्तर नरेन्द्र कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गस्त पर थे, तभी उनकी चोरों से मुठभेड़ हो गयी। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर चोरों राजू खाँ उर्फ रियाजुद्दीन पुत्र तस्लीम निवासी मक्का कॉलोनी थाना रामगढ़, राजा पुत्र रामलखन व शिवम पुत्र पप्पू उर्फ हरिप्रसाद निवासीगण ग्राम चनौरा ऊसरा थाना रामगढ़ को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने इनके कब्जे से चोरी की 05 चैन, 02 मंगलसूत्र, 08 अंगूठी, 01 नोज पिन, दो चूडी, एक गले का हार, दो जोड़ी टोप्स, एक नाक की वाली, एक टीका, तीन जोड़ी पायल, तीन जोडी करधनी, एक घड़ी एचएमटी, दो लेपटॉप लेनेवो व 80 हजार रूपये नगद, तमंचा व कारतूस बरामद किये हैं।
एएसपी सिटी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त शातिर अपराधी हैं। जिनमें गैंग का सरगना राजू खॉन उर्फ रियाजउद्दीन है। जिस पर 24 से अधिक मुकदमे दर्ज है। इसके अलावा अन्य अभियुक्तों का भी आपराधिक इतिहास है। इन्होंने थाना उत्तर क्षेत्र के सत्यनगर में हुई चोरी की घटना को कारित करना स्वीकार किया है। जिसका शत प्रतिशत माल बरामद हुआ है।
कौशल/राजेश
