-गिरफ्तार बदमाशों से तीन तमंचे, कारतूस व गुजरात प्रांत के नंबर की बाइक बरामद
फतेहपुर (हि.स.)। जिले में शनिवार की बीती रात बदमाशों व पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में दो अंतरराज्यीय बदमाश गोली लगने से घायल हो गये। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर एक बदमाश फरार हो गया। जिसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
ललौली थाना क्षेत्र में पुलिस व स्वाट टीम की बीती रात अंतर्राज्यीय बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से दो शातिर बदमाश घायल हो गए। उनका एक साथी भागने में कामयाब रहा। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के पास से एक बाइक, 3 तमंचा, 3 जिंदा कारतूस व 2 खोखा बरामद हुआ है।
मुठभेड़ की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अनिरुद्ध कुमार मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया ।
पुलिस अधीक्षक राजेश कमार सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव, स्वाट प्रभारी प्रथम अनुरुद्ध दुबे को सूचना मिली कि कुछ बदमाश क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम थाना क्षेत्र के गौरी पुल बहुआ रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। बचाव में पुलिस टीम ने भी फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें जुल्फकार उर्फ सुहेल गुंडे पुत्र एजाज अहमद निवासी करनपुर सौरई थाना सिराथू जनपद कौशांबी व ग़ौसुल बरा पुत्र मुकीम अहमद निवासी जंहागीर नगर गौहरे थाना खखरेरू जनपद फतेहपुर के पैर में गोली लग गई। जिससे दोनों लोग घायल हो गये। एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। घायल बदमाशों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश जुल्फकार के विरुद्ध सूरत गुजरात में 09 गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा बदमाश ग़ौसुल के विरुद्ध जनपद में 3 मुकदमे व सूरत (गुजरात) में 01 मुकदमा दर्ज है। बदमाशों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
देवेन्द्र
