Thursday, March 26, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडापुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

गोंडा (हि.स.)। जनपद की कोतवाली थाना क्षेत्र पुलिस और एसओजी की टीम ने मुठभेड़ कर इनामी बदमाश को पकड़ा है। पुलिस की गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बदमाश के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर रही है। पकड़ा गए इनामी बदमाश ने बीते दिनों अवध केसरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उनका इलाज लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा है।

बीते 21 दिसंबर को देर रात्रि घर जाते समय पुरानी रंजिश को लेकर नील ठाकुर को करीब आधा दर्जन बदमाशों ने मारपीट कर घायल करने के बाद गोली मार दिया था। फिर उन्हें मरा समझ कर छोड़ कर चले गए थे। नील ठाकुर के कमर में गोली लगी गंभीर अवस्था में लखनऊ में उनका इलाज चल रहा है। अब हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने कुछ नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखा था। जिसमें शातिर अपराधी बिक्कू सिंह सहित छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले का आरोपी 25 हजार का इनामी बदमाश सुधाकर सिंह को रविवार की आधी रात एसओजी और नगर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने राधेपुरवा के पास गायत्रीपुरम में घेराबन्दी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त सुधाकर सिंह ने जान से मारने की नियत से पुलिस पार्टी के ऊपर फायर किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त सुधाकर सिंह के पैर में गोली लगी है। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 01 अदद अवैध पिस्टल 32 बोर मय एक अदद जिंदा और दो अदद खोखा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को बताया कि एसओजी टीम और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त कार्यवाई में पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इस बदमाश ने 21 दिसंबर को नील ठाकुर नाम के एक व्यक्ति को अपने साथियों के साथ गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके ऊपर पहले से भी जानलेवा हमला, बलवा सहित विभिन्न धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं।

महेन्द्र/दीपक/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular