Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय बदमाश घायल, सिपाही को भी लगी गोली

पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय बदमाश घायल, सिपाही को भी लगी गोली

घायल बदमाश को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी में कराया गया भर्ती

जौनपुर (हि.स.)। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जबकि एक सिपाही जख्मी हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाश को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार सिकरारा थाना क्षेत्र के बाकी गांव निवासी आदर्श श्रीवास्तव पुत्र अनिल श्रीवास्तव कई मामलों में वांछित था। थानाध्यक्ष लाइन बाजार के अनुसार 1 दिन पहले उसने यूपी सिंह कॉलोनी में एक महिला की सोने की चेन छीन ली थी। मंगलवार की रात गश्त पर निकली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वह बाइक से अपने घर जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस उसे पकड़ने के लिए निकली लेकिन सीहीपुर में आदर्श ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी जिससे गोली कांस्टेबल के बाह को छूते हुए निकल गई वहीं पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई जो आदर्श श्रीवास्तव के पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा । इसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां बदमाश की हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बदमाश लूट सहित अन्य कई मामलों में अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश के पास से असलहा और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. संजय कुमार ने बताया कि लाइन बाजार थाने को सूचना मिली कि एक बदमाश अपने घर की तरफ निकल रहा है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है। बदमाश के पास से एक लूटी हुई चेन ,अवैध तमंचा व एक बाइक बरामद हुई है। जनपद में विभिन्न स्थानों पर उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। उसे इलाज हेतु वाराणसी ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया है ।

RELATED ARTICLES

Most Popular