फर्रुखाबाद(हि.स.)। थाना मेरापुर क्षेत्र में घर के बाहर सो रहे युवक की पुलिस पिटाई से हुई मौत के बाद गांव वालों पर लाठी चार्ज कर पुलिस शव उठा ले गई। गांव वाले काफी दूर तक पुलिस की जीप के पीछे दौड़ते रहे।
थाना मेरापुर के ग्राम ब्रह्मपुरी निवासी स्वर्गीय महावीर के 35 वर्षीय पुत्र गौतम सिंह सिसोदिया की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर आज सुबह मेरापुर थानाध्यक्ष जगदीश वर्मा पुलिस कर्मियों के साथ शव का पंचनामा भरने पहुंचे।
परिजनों ने पुलिस को शव देने से यह कहकर मना कर दिया कि पहले डीएम व एसपी को बुलाओ। उनसे शिकायत करने एवं पुलिस कर्मियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराएंगे। पुलिस की सूचना पर सीओ कायमगंज सोहराब आलम एवं सीओ मोहम्मदाबाद राजवीर सिंह गौर भी मौके पर पहुंचे। जिन्होंने परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए मनाया। लेकिन परिजन डीएम एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
परिजनों ने बताया कि गौतम सिंह बीती रात कमरे के बाहर चारपाई पर खुले में लेटा था। रात करीब 12.30 बजे अनेकों पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। जिनमें कुछ लोग सादा कपड़ों में थे। पुलिस वाले गौतम को जबरन पकड़कर पीटते हुए करीब 100 मीटर दूर शिव मंदिर के सामने प्रधान पति सुनील कुमार सिसोदिया के खेत में ले गए। वहां गौतम की और पिटाई की गई जब गौतम मर गया तब पुलिस वाले शव को छोड़कर भाग गए।
बताया गया कि पुलिस कर्मी दो वाहनों से पहुंचे थे। गौतम के माथे पर चोट का निशान देखा गया। दोपहर बाद तक जब परिजनों और गांव वालों ने शव नहीं उठने दिया। तो भारी संख्या में पहुंची पुलिस जबरिया शव को उठा लाई। गांव वालों के विरोध करने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। गांव वाले और परिजन काफी दूर तक जीप के पीछे भागते रहे।
पुलिस कप्तान अशोक कुमार मीणा का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है यदि पुलिस वाले दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जाएगी। वही, दूसरी तरफ घटना की सूचना पाकर आई जी कानपुर परिक्षेत्र प्रशांत कुमार यहां पहुंच रहे है। आईजी के आने के बाद पुलिस पर गाज गिरना तय हो गया है।
चन्द्रपाल
