नेशनल डेस्क
नई दिल्ली। पंजाब के तरनतारन जिले में थाने पर आतंकी हमला होने की खबर सामने आई है। आतंकियों ने शुक्रवार आधी रात तरनतारन के सरहाली थाने को निशाना बनाते हुए राकेट लांचर से हमला किया है। हमले से जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारी सुबह मौके पर पहुंच गए हैं, लेकिन पुलिस अभी कुछ भी बताने से इन्कार कर रही है। पुलिस थाने पर हुए रॉकेट हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस ने ली है। बता दें कि रात करीब एक बजे दागा गया राकेट थाने के लोहे के गेट से टकराया और थाने में बने सांझ केंद्र में गिरा। इससे भवन की खिड़कियों के शीशे टूट गए। हमले के दौरान थाना प्रभारी प्रकाश सिंह के अलावा आठ पुलिसकर्मी मौजूद थे। हमले के बाद पुलिस ने थाने के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है और पूरे इलाके को सील कर दिया है। ये भी आशंका जताई जा रही है कि आतंकी हमला सीधा नहीं हुआ है और इसी वजह से थाने को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। अगस्त में भी पंजाब में ऐसा ही आतंकी हमला हुआ था। तब पंजाब पुलिस के खुफिया विभाग के मोहाली स्थित मुख्यालय पर राकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) से आतंकियों ने हमला किया था। इसके तार कनाडा में बैठे आतंकी लखबीर सिंह लंडा से साथ जुड़े थे। इस मामले की जांच एनआइए कर रही है। इससे पहले जुलाई में इसी क्षेत्र में एक आतंकी को ढाई किलो आरडीएक्स और आइईडी के साथ गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीते दिन ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सीएम ने शाह के सामने पंजाब की सीमा पर फेंसिंग के मुद्दे को उठाया और विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब की सीमाओं को लेकर गृह मंत्री ने जरूरी सुझाव भी दिए है।

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com OR 9452137310 (WhatsApp)
जानकी शरण द्विवेदी
