Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेश पुलिस चौकी के पास पकड़ा गया हुक्काबार, चार गिरफ्तार

 पुलिस चौकी के पास पकड़ा गया हुक्काबार, चार गिरफ्तार

प्रयागराज (हि.स.)। डीसीपी नगर ने गोपनीय तरीके से रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे नशे के कारोबार के खेल का भंडाफोड़ करते हुए राजरूपपुर पुलिस चौकी के पास हुक्काबार पकड़ा है। पुलिस ने मौके पर 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। लेकिन संचालक चकमा देकर फरार हो गया। इस मामले में चौकी प्रभारी को सस्पेंड करते हुए धूमनगंज थाना प्रभारी से जवाब भी मांगा गया है।

धूमनगंज के राजरूपपुर क्षेत्र में हुक्काबार के चलने की जानकारी काफी दिनों से सुर्खियों में बनी हुई थी। जिसके बाद डीसीपी नगर आईपीएस दीपक भूकर ने मामले को गंभीरता से लिया। एडीसीपी नगर को गोपनीय ढंग से मौके पर भेज कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। देर रात 8 बजे एडीसीपी मौके पर पहुंचे। जहां केजीएफ नाम से हुक्काबार धड़ल्ले से चल रहा था। पुलिस ने वहां मौजूद 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें शहबाज, फरहान, अदनान, वंश मल्होत्रा शामिल हैं। जांच में जानकारी मिली कि संचालक गुफरान मौके से भाग निकला है।

इस छापेमारी की कार्रवाई को इतना ज्यादा गोपनीय रखा गया कि इसकी सूचना धूमनगंज थाना पुलिस को भी नहीं थी। चार लोगों के गिरफ्तार होने की सूचना मिलने के बाद धूमनगंज थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी चारों गिरफ्तार आरोपियों व बरामद हुक्का और अन्य सामान को थाने लेकर आए। क्षेत्राधिकारी धूमनगंज एनएन सिंह की ओर से भी कार्रवाई का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद चौकी प्रभारी की ओर से लापरवाही बरती गई।

डीसीपी नगर दीपक भूकर के मुताबिक पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही मौके से 13 हुक्का, पाइप व भारी मात्रा में फ्लेवर व अन्य सामान बरामद हुआ है। प्रथमदृष्टया लापरवाही की बात सामने आने पर चौकी प्रभारी महेश मिश्रा को सस्पेंड किया गया है। थाना प्रभारी राजेश कुमार मौर्य को स्पष्टीकरण देने के लिए निर्देशित किया गया है।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular