बरेली (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में चौकी प्रभारी और सिपाही से परेशान होकर हेड कांस्टेबल ने गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया है। हेड कांस्टेबल को गंभीर हालत में मेरठ में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद एसएसपी ने चौकी प्रभारी और सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
हेड कांस्टेबल नीरज चौधरी ने बीती रात डेढ़ बजे के करीब अपनी रायफल से पुलिस चौकी के अंदर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी चौकी में पहुंचे तो हेड कांस्टेबल लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े हुए थे। फौरन उन्हें बरेली के भोजीपुरा स्थित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां से हेड कांस्टेबल के परिजन उन्हें हायर सेंटर मेरठ ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है। एसएसपी का कहना है कि इस मामले में चौकी प्रभारी और सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
एसएसपी सुशील घुले ने बताया कि बीती रात करीब डेढ़ बजे हेड कांस्टेबल नीरज चौधरी ने सरकारी रायफल से खुद को गोली मार ली। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेड कांस्टेबल ने एक सुसाइड नोट लिखकर व्हाट्सएप पर वायरल कर दिया है। इसमें लिखा है कि “ठाकुर साहब राम-राम यह नोट मैं आपको इसलिए भोज रहा हूँ। ताकि इन दोनों -चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार और कांस्टेबल अमित शर्मा ने मुझे काफी दिनों से परेशान कर रखा है। बार-बार मेरी बेइज्जती करते हैं। मैं इसे बर्दास्त नहीं कर सकता। यह हर गलत काम में लिप्त हैं। ये मुझे चौकी से हटाना चाहते हैं। मैं इनकी प्रताड़ना से काफी परेशान हूं।”
अनूप/दिलीप
