Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपुलिस के पहरे और ड्रोन के साये में कानपुर में हुई जुमे...

पुलिस के पहरे और ड्रोन के साये में कानपुर में हुई जुमे की नमाज

– कंट्रोल रुम से सीसीटीवी कैमरों के जरिये पल पल की ली जा रही थी टोह

कानपुर (हि.स.)। तीन जून को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के अलावा हाल ही में राजस्थान के उदयपुर कांड को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट मोड़ पर है। लगातार चौथे शुक्रवार को होने वाली नमाज से एक दिन पहले से ही पुलिस ने संवेदनशील और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की निगरानी में शांतिपूर्वक जुमे की नमाज संपन्न हो गई। इस दौरान पुलिस कमिश्नर से लेकर जिलाधिकारी पुलिस बल के साथ गश्त करते रहें।

उदयपुर में हुई घटना के बाद कानपुर में जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। जमीन से लेकर आसमान तक पुलिस अधिकारियों की पैनी नजर बनी हुई है, पल-पल की अपडेट अधिकारी ले रहे हैं। नमाज को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। इसके साथ ही जगन्नाथ रथ यात्रा को भी ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गये हैं, जिससे कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न ही सके।

तीन जून को जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा ने कानपुर पुलिस की काफी किरकिरी कराई थी, जिसे लेकर अब पुलिस किसी तरह की चूक नहीं चाहती है, जिससे कि शहर का माहौल खराब हो। उदयपुर की घटना का कनेक्शन कानपुर से मिला है, जिसे लेकर पुलिस अलर्ट है। जुमे की नमाज और जगन्नाथ की शोभा यात्रा को लेकर पुलिस काफी सतर्क है, चप्पे चप्पे पर नजर है। खुफिया से लेकर लोकल स्तर पर पुलिस के सहयोगी तैनात हैं जो कि पल पल का अपडेट अधिकारियों को दे रहे है। भारी पुलिस फोर्स को लगाया गया है, जिससे कि किसी भी छुटपुट घटना को भी रोका जा सके।

पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीना और जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर उपद्रवी इलाकों में गश्त कर रहे हैंं। इसके अलावा उपद्रवी इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ ही ड्रोन कैमरों से बराबर निगरानी की जा रही है। अतिसंवेदनशील इलाकों की बड़ी बड़ी इमारतों में पुलिस बल को दूरबीन के साथ तैनात किया गया है। पुलिस बल के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी का भी बेहतर इस्तेमाल हो रहा है। इस प्रकार जुलाई माह की पहली जुमे की नमाज शहर भर में लगभग शांतिपूर्वक संपन्न हुई और किसी प्रकार की अनहोनी न होने से पुलिस से लेकर प्रशासन के आलाधिकारियों ने राहत की सांस ली हे। ..

इस तरह रही सुरक्षा व्यवस्था

संवेदनशील क्षेत्रों में 50 वीडियोग्राफर और 16 ड्रोन कैमरे लगाए गये हैं। तीन हजार पुलिस कर्मियों और छह कंपनी पीएसी की तैनाती रही। चार एसपी, पांच एडिशनल एसपी, 11 डिप्टी एसपी, 59 इंस्पेक्टर, 286 सब इंस्पेक्टर, 12 क्यूआरटी, वाटर कैनन, फायर बिग्रेड, दो हजार सिविल डिफेंस के साथ 1834 युवा पुलिस मित्रों की तैनाती की गई थी।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी को भी किसी प्रकार की दिक्कत है तो पुलिस के अधिकारियों से संपर्क करें। शहर में अमन चैन बरकरार रहे इसके लिए शहरवासी पुलिस की मदद करें। नमाज अदा करने के बाद सभी नमाजी शांतिपूर्वक अपने घरों को लौट गये हैं और जुमे की नमाज सकुशल संपन्न हुई।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular