गोरखपुर (हि.स.)। गोरखनाथ मंदिर के सुरक्षाकर्मियों पर हमले की घटना के बाद बुधवार को पुलिस के आला अधिकारियों ने दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इन अधिकारियों में एडीजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी सिटी शामिल रहे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ से मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने संबंधी निर्देश मिलने के बाद से ही पुलिस अधिकारियों की भागदौड़ बढ़ी है और वे शायद पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार करने के लिए मुआयना कर रहे हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन अखिल कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर रेंज जे रविंद्र गौड़ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा बुधवार को घंटों मंदिर परिसर का जायजा लिया। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के मिले निर्देश के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सक्रिय हुए हैं और सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए खाका तैयार करने से पहले मंदिर परिसर का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर रहे हैं।
गोरखनाथ मंदिर के मुख्यद्वार पर बने चेकपोस्ट एवं मंदिर के अंदर चेकपोस्ट पर आने वाले हर व्यक्तियों की हो रही गहन जांच को भी पुलिस उच्चाधिकारियों ने परखा। इस दौरान पुलिस उच्चाधिकारियों ने अपने मातहतों को मंदिर परिसर के अंदर किसी भी व्यक्ति को बिना चेक किये न प्रवेश देने की हिदायत भी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मंदिर सुरक्षा लाल भरत पाल, पुलिस अधीक्षक नगर सोनम कुमार, क्षेत्राधिकारी मंदिर सुरक्षा प्रशाली गंगवार, अंजनी कुमार क्षेत्राधिकारी एलआईयू राहुल पंकज आदि मौजूद रहे। बुधवार को मंदिर परिसर में आने वाले हर व्यक्तियों को मुख्य द्वार पर ही रोका जा रहा है और उनकी बारीकी से चेकिंग की जा रही है।
आमोद
