मेरठ (हि.स.)। ईद उल अजहा पर मेरठ में पुलिस प्रशासन ने सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने की चेतावनी दी है। ऐसा करने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। बुधवार को पुलिस ने मस्जिदों पर यह आदेश चस्पा कर दिए। उधर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी लोगों से मस्जिदों और ईदगाह में ही नमाज अदा करने की अपील की है।
सड़क पर नमाज को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया हुआ है। बुधवार को पुलिस ने मस्जिदों पर आदेश चस्पा कर दिए। जिसमें कहा गया है कि ईदगाह या मस्जिदों के बाहर नमाज अदा की गई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जायेगी। सड़क पर नमाज अदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे रोड स्थित ईदगाह में होने वाली नमाज को लेकर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी सूरत में नमाज सड़क पर नहीं होगी। अगर भीड़ ज्यादा होती है कि तो इसके लिए फैज-ए-आम कॉलेज में व्यवस्था की गई है।
एसपी सिटी पीयूष कुमार के अनुसार, बकरीद पर गुरुवार को ईदगाह की वैकल्पिक व्यवस्था फैज-ए-आम कॉलेज में की गई है। ईदगाह की नमाज से पहले और बाद में फैज-ए-आम में दो बार नमाज होगी। लोगों से अपील है कि सड़क पर न बैठकर फैज-ए-आम में नमाज पढ़ें। ईदगाह पर भीड़ अधिक होने पर स्थानीय मस्जिदों में नमाज पढ़ी जाए। उन्होंने बताया कि ड्रोन और सीसीटीवी से पूरे शहर की निगरानी की जाएगी।
जमीयत उलमा-ए-हिंद के शहर अध्यक्ष नायब शहर काजी जैनुर राशिद्दीन ने लोगों से सड़कों पर नमाज अदा न करने की अपील की। समय से ईदगाह पर पहुंचे और जगह न मिलने पर दूसरी मस्जिद में नमाज अदा करें।
हिन्दूवादी नेता ने दी है हनुमान चालीसा की चेतावनी
हिन्दू जागरण मंच के पूर्व महानगर अध्यक्ष सचिन सिरोही ने मंगलवार को सड़क पर नमाज होने पर हनुमान चालीसा और सुंदर कांड का पाठ करने की चेतावनी दी। इसके बाद देर रात सचिन सिरोही के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
कुलदीप/मोहित
