-पीड़ित की निशानदेही पर अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी पुलिस
बुलंदशहर (हि.स.)। जिले के प्रतिष्ठित हार्डवेयर व्यापारी राजकुमार रसवंत को सकुशल बरामद कर लिया गया है। राजकुमार का शनिवार को अपहरण हो गया था। रविवार को पुलिस ने हापुड़ से उन्हें सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस अब व्यापारी की निशानदेही पर अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुट गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि खुर्जा के गोयंका कॉलोनी में रहने वाले राजकुमार रसवंत हार्डवेयर व्यापारी हैं। वह शनिवार को रोजाना की तरह मार्निंग वाक पर निकले और उनका अपहरण कर लिया गया था। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने टीमें गठित कर सीमाओं पर सघन चेकिंग शुरू कर दी। आसपास के जिलों की पुलिस से भी मदद मांगी गई।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपहरणकर्ता डर गए और व्यापारी को रविवार सुबह हापुड़ जिले के असोडा गांव स्थित हाईवे पर फेंककर फरार हो गए। वह पुलिस पिकेट के पास पहुंचे और बताया कि उनका अपहरण हुआ है। पुलिस ने उन्हें पानी पिलाया फिर थाने लाकर पूछताछ के बाद बुलंदशहर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
व्यापारी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि कार सवार बदमाशों ने उनका अपहरण किया था। कार में उनके अलावा चालक सहित तीन लोग थे। सभी ने मिलकर उन्हें मारापीटा और उनके कारोबार के बारे में पूछा। उनकी आमदनी को लेकर सवाल किए थे।
एसएसपी ने बताया कि व्यापारी को सकुलश बरामद कर उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस के दिए बयान के आधार पर अपहरणकर्ताओं की तलाश में टीमों को लगाया गया है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सचिन/ दीपक
