– कोतवाली प्रभारी ने पुलिसकर्मियों संग की अपराध समीक्षा बैठक
हरदोई(हि.स.)। पिहानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने सोमवार को थाना परिसर में उप निरीक्षक व पुलिसकर्मचारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने चौकी प्रभारियों, राइडर व पीसीआर इंचार्ज को प्रभावी रूप से सांय कालीन व रात्रि गश्त करने के आदेश दिए।
पुलिसकर्मियों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों की उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान करने के भी निर्देश दिए। कोतवाल ने उप निरीक्षक व पुलिसकर्मियों को सख्त आदेश देते हुए कहा कि महिला विरूद्ध अपराध में आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर अभियोग का शीघ्र निपटारा किया जाए। चोरी की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस सांय कालीन व रात्रि गश्त प्रभावी ढंग से करें। स्थानीय एवं विशेष अधिनियम के तहत अवैध हथियार बरामदगी, मादक पदार्थ बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही उसके स्त्रोत का भी पता लगाया जाए। उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्यों के साथ समय पर बैठक करें, जिससे पुलिस व जनता के बीच आपसी समन्वय बना रहे।
कोतवाल डीके सिंह ने कहा कि थाने में कोई भी व्यक्ति शिकायत लेकर आता है तो उसकी पूरी समस्या को सुनें व उसे न्याय देने का काम करें। थाने में आने वाले लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें। पुलिसकर्मी हर संभव सतर्क रहकर ड्यूटी करते हुए लोगों के जानमाल की सुरक्षा करें।
अम्बरीष
