Saturday, April 11, 2026
Homeराष्ट्रीयपुरानी रंजिश में पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, पुत्र की मौत, पिता घायल

पुरानी रंजिश में पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, पुत्र की मौत, पिता घायल

बांदा (हि.स.)। एक वर्ष पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के लोगों ने पिता-पुत्र को लाठियों से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। बाद में पुत्र की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल पिता को उपचार के लिए जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने हमलावरों के परिवार की दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव में शनिवार रात की है। इसी गांव के एक ही परिवार के जयकरण उसके पुत्र लाल बाबू उसकी मां हीरामणि ने सुनियोजित ढंग से परशुराम वर्मा (60) पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर उनका पुत्र प्रेम बाबू (25)उन्हें बचाने आया तो हमलावरों में उस पर भी जमकर लाठी-डंडे बरसाए जिससे दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पिता-पुत्र को परिवार के लोग पीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने प्रेम बाबू को मृत घोषित कर दिया।

इस बारे में मृतक की बहन प्रेमलता ने बताया कि एक साल पहले हमारा फुफेरा भाई हमलावरों के परिवार की एक लड़की को भगा ले गया था, जिन्होंने बाद में शादी भी कर ली थी। हमलावरों को शक था कि हमने ही उनकी लड़की को भगाया है। इसी बात को लेकर कई बार उनसे गाली-गलौज हो चुकी है। शनिवार को भी जब मैं शौच के लिए पशुबाड़े गई तो हमलावरों ने आकर गाली-गलौज की और अपशब्द कहे। वहां से किसी तरह बचकर मैं घर आई तो हमलावर लाठी मारकर दरवाजा खोलने का प्रयास करने लगे। तब तक घर में मौजूद भाई प्रेम बाबू ने यूपी 112 डायल कर घटना की सूचना पुलिस को दे दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया था और थाने में आकर समझौता करने को कहा था। जिस पर दोनों पक्षों ने सहमति व्यक्त की थी।

इस बीच जब गांव से पुलिसकर्मी चले गए तब 4 लोगों ने मिलकर घर के बाहर खड़े मेरे पिता और भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने बहन की तहरीर पर पड़ोसी जयकरण उसके पुत्र और पत्नी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और इस संबंध में हमलावरों के परिवार की दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए बिसंडा थाना इंचार्ज के के पांडे ने बताया कि हिरासत में ली गई महिलाओं से घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है और मुख्य अब आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है।

अनिल

RELATED ARTICLES

Most Popular