लखनऊ (हि.स.)। सीतापुर रोड स्थित 11 कालोनियों से जुड़े सैकड़ों लोगों ने शनिवार को पुरनिया चौराहे के निकट ट्रैफिक सिग्नल की मांग, मंडी कालोनी के बगल से कूड़ा निकासी, फैजुल्लागंज में डेंगू से बचाव, खराब सड़कों जैसे जनसमस्याओं को उठाते हुए प्रदर्शन किया।
सीतापुर रोड के पुरनिया चौराहे पर प्रदर्शन कर रहें अजय मुन्ना, फारुक, मोनी सिंह ने कहा कि सीतापुर रोड से आने जाने वाले लोगों को मुख्य रुप से गोमती नगर और हजरतगंज की ओर से जाने के लिए पुरनिया चौराहा से गुजरना पड़ता है। पुरनिया चौराहे से गुजरते हुए यहां ट्रैफिक सिग्नल ना होने पर सुबह से रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है।
लखनऊ यातायात पुलिस को ट्रैफिक सिग्नल के लिए कई बार पत्र दिया गया है लेकिन अभी तक कोई व्यवस्था नहीं हुई है। जो चौराहे पर हरी और लाल बत्ती वाला खम्भा लगेगा तो उससे ट्रैफिक दुरुस्त हो जायेगा। लोग अपने वाहनों को बत्ती के अनुसार लायेंगे, ले जायेंगे। वही जाम की समस्या समाप्त हो जायेगी।
क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं पर उन्होंने कहा कि खदरा, फैजुल्लागंज में बीमारियों से पीड़ित लोगों की संख्या दिनरात बढ़ रही है। डेंगू का प्रकोप बढ़ा है। वही स्वास्थ्य विभाग की टीम का आना जाना बिल्कुल नहीं हो रहा है। ना ही स्पलाई के पानी में ब्लीच का उपयोग ही हो रहा है।
गल्ला मंडी के बगल की कालोनी में तो कूड़ा उठाया ही नहीं जाता है। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी कभी आती है तो आधा कूड़ा ही उठाकर वापस हो जाती है। इससे गंदगी का अंबार लगा रहता है। सीतापुर रोड तक आने वाली तमाम सड़कों पर गड्ढे हो गये हैं, जो मरम्मत मांग रही है। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों से कहा है लेकिन कुछ नहीं हुआ।
