प्रयागराज(हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) मुख्य परीक्षा, 2023 मंगलवार से शुरू होगी और 29 सितम्बर तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रत्येक दिन दो पाॅलियों में होगी।
आयोग से मिली जानकारी के अनुसार पहली पॉली की परीक्षा सुबह 9ः30 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक होगी। दूसरी पाॅली की परीक्षा अपराह्न 02 बजे से 05 बजे तक होगी। इस परीक्षा में 3,852 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए चार केन्द्र प्रयागराज और चार केन्द्र लखनऊ बनाये गये हैं। प्रयागराज में कुल 1685 एवं लखनऊ में 2167 सीट हैं।
आयोग के मुताबिक 26 सितम्बर को सुबह की पाॅली में हिन्दी और दोपहर की पाॅली में निबंध का पेपर होगा। 27 सितम्बर को सुबह की पाॅली में सामान्य अध्ययन पेपर 01 और दोपहर की पाॅली में सामान्य अध्ययन 02 की परीक्षा होगी। 28 सितम्बर को सुबह सामान्य अध्ययन 03 और दोपहर में सामान्य अध्ययन 04 की परीक्षा होगी। 29 सितम्बर को सुबह सामान्य अध्ययन 05 और दोपहर में सामान्य अध्ययन 06 की परीक्षा होगी।
विद्या कान्त/दिलीप
