Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेश पीड़ित की मदद में न हो विलंब : मुख्यमंत्री

 पीड़ित की मदद में न हो विलंब : मुख्यमंत्री

– जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुनीं 400 लोगों की समस्याएं

गोरखपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि पीड़ितों की मदद और जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने में विलंब न करें। काेताही बर्दाश्त नहीं होगी। यदि कोई दिक्कत आ रही है तो उसका पता लगाएं और निराकरण करें। चेतावनी देते हुआ कहा कि यदि जानबूझकर प्रकरण को लंबित रखा गया है तो जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री ने यह बातें शनिवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनने के दौरान कहीं। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग 400 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि हर समस्या का प्रभावी निस्तारण होगा।

प्रशासनिक व पुलिस अफसरों को भी समझाया

जानता दर्शन में मौजूद प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को मौके पर ही दो टूक समझाया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। यह भी पता लगाएं कि यदि किसी को प्रशासन का सहयोग नहीं मिला है तो ऐसा क्यों और किन कारणों से हुआ है। हर पीड़ित की त्वरित मदद करें। जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधि सम्मत और कठोर कदम उठाने का भी निर्देश दिया।

इलाज की गुहार लगाने वालों से संवेदना

हर बार की तरह इस बार भी जनता दर्शन में कई लोग इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने अधिकारियों को इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। लोगों से कहा कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त मदद होगी।

बच्चों को दुलारा

जनता दर्शन में कुछ महिलाएं बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से आत्मीयता पूर्वक बात की। पढ़ाई के बारे में पूछा। खूब पढ़ने, आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। दुलारते हुए चॉकलेट भी दिया।

डा. आमोदकांत/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular