Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेश पीएम मोदी 11 दिसम्बर को ऑनलाइन करेंगे यूनानी संस्थान का उद्घाटन

 पीएम मोदी 11 दिसम्बर को ऑनलाइन करेंगे यूनानी संस्थान का उद्घाटन

गाजियाबाद(हि.स.)। यहां कमला नेहरू नगर में निर्मित किये गए राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 दिसम्बर रविवार को करेंगे। इसके निर्माण पर खर्च 382 करोड़ रुपए हुए हैं। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह व अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन दोपहर दो बजे किया जाएगा।

निर्माण कार्य सितंबर-2019 में शुरू होकर सितंबर-2022 में पूरा हुआ। यहां मरीजों के लिए 200 बेड की सुविधा है। बच्चों और महिलाओं के लिए अलग से वार्ड है। विभाग और डॉक्टरों की संख्या के हिसाब से यहां करीब एक हजार मरीजों की रोजाना ओपीडी के इंतजाम हैं।

यह संस्थान एम्स की तर्ज पर बना है। यहां आईसीयू के अलावा 5 ऑपरेशन थिएटर, मैटरनिटी विंग, एमआरआई,सिटी स्कैन, ब्लड बैंक, डिजिटल एक्सरे, पैथोलॉजी लैब की सुविधाएं हैं। इसके अलावा मरीजों के लिए स्टीम बाथ, हिप बाथ और सोना बाथ की सुविधा भी है। इसी हॉस्पिटल में 50 करोड़ की लागत से एक अत्याधुनिक लैब बनी है। इस लैब में यूनानी दवाओं पर रिसर्च भी होगा।

10 एकड़ में हॉस्पिटल के अलावा हॉस्टल और शिक्षा इस संस्थान में 14 विभाग हैं। छात्र यहां पर यूनानी शिक्षा में पीजी के साथ डॉक्टरेट भी कर सकेंगे। एक साल में 22 छात्र डॉक्टरेट कर सकेंगे। जबकि करीब 100 छात्र एक साल में यूनानी पढ़ाई कर सकेंगे। परिसर में गर्ल्स और बॉइज हॉस्टल भी बनाए गए हैं।

सिर्फ 15 रुपए रजिस्ट्रेशन फीस

अनावरण से पहले ही हॉस्पिटल में OPD सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। फिलहाल रोजाना करीब डेढ़ सौ मरीज तक पहुंच रहे हैं। इन्हें 15 रुपए देकर पंजीकरण रसीद लेनी होती है, इसके बाद परामर्श और दवाइयां निशुल्क दी जाती हैं। ये रसीद एक महीना तक वैध रहेगी। इसके बाद 10 रुपए देकर इस रसीद का रिन्यूअल कराया जा सकेगा। अभी 2 ओपीडी चालू हैं, लेकिन इन्हें बाद में बढ़ाकर 10 तक कर दिया जाएगा।

फरमान अली

RELATED ARTICLES

Most Popular