– लखीमपुर खीरी से आयी शहीद किसानों की अस्थियों का चित्रकूट की मन्दाकिनी में किया गया विसर्जन
चित्रकूट (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी बीते दिनों यूपी के लखीमपुर खीरी में गाड़ी से कुचलकर मारे गए किसानों की अस्थि कलश यात्रा लेकर मंगलवार को चित्रकूट पहुंचे। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर जिले के प्रमुख मार्गों पर अस्थि कलश यात्रा निकालने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर किसान यूनियन ने डीएम को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंप कर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय टेनी को बर्खास्त करने की मांग की।
कलश यात्रा का नेतृत्व कर रहे किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राम सिंह पटेल बताया कि बीते दिनों यूपी के लखीमपुर खीरी में कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों की केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के पुत्र ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी थी। बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले मृत किसानों के स्मारक स्थल से पूरे देश-प्रदेश में अस्थि कलश यात्रा निकाली जा रही है। मंगलवार को यह यात्रा बुन्देलखण्ड के हमीरपुर और बांदा होते हुए चित्रकूट पहुंची है।
मुख्यालय के प्रमुख मार्गों पर कलश यात्रा निकाली गई। जिसका आंदोलन में भागीदार रहे किसानो ने दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, डीएम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर किसानों की मौत के लिए जिम्मेदार केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करने, कृषि कानूनों को वापस लेने, अन्ना मवेशियों को संचालित पशु आश्रय स्थलों पर संरक्षित करने, खाद की मारामारी खत्म करने, नहरों में जमी शिल्ट की सफाई करने तथा किसानों के धान की खरीद सुनिश्चित किये जाने आदि की मांग की गई। इसके बाद किसानों ने कलश के साथ पतित पावनी मन्दाकिनी के घाट पर पहुंचकर शहीद किसानों की अस्थियों का विसर्जन किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष बांदा बिनोद सिंह, हमीरपुर जिलाध्यक्ष निरंजन राजपूत, मण्डल अध्यक्ष बैजनाथ अवस्थी, मण्डल सचिव रामकरण सिंह, जिला महामंत्री अरुण कुमार पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष उदय नारायण सिंह, ओम नारायण गर्ग, अखिलेश मिश्रा, बीरेंद्र सिंह, राममूरत नामदेव, राजकिशोर सिंह, नीलकंठ द्विवेदी, मीडिया प्रभारी देवेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों भारतीय किसान यूनियन पदाधिकारी व किसान उपस्थित रहे।
