– भाजपा की जिला एवं महानगर इकाई ने बना ली थी पहले ही रणनीति
– एयरपोर्ट से मोहद्दीपुर तक लोक कलाकारों से पटी रही सड़क
गोरखपुर (हि.स.)। हवाई अड्डा पर उतरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया। इसके बाद इनका काफिला महानगर क्षेत्र की ओर बढ़ा। नन्दानगर, मोहद्दीपुर चौराहा, यूनिवर्सिटी चौराहा, गणेश चौराहा होते हुए गीता प्रेस के रवाना हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जगह- जगह जोरदार स्वागत हुआ। लोक कलाकारों ने अपनी कला से उनका मन मोहा तो सड़कों मे किनारे खड़े लोगों को भी सम्मोहित किया।
इसके आलावा भाजपा ने महानगर क्षेत्र के 68 स्थानों पर स्वागत किया। एयरपोर्ट से मोहद्दीपुर तक की सड़क लोक कलाकारों से पटी रही। इन कलाकारों की कलाकारी ने समां बांध दिया। इसे देखकर न सिर्फ पीएम और उनका काफिला बल्कि सड़कों के किनारे कतारबद्ध खड़े लोग भी हर्षित हो रहे। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय की अगुवाई में जगह-जगह प्रमुख कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। एयरपोर्ट से गीताप्रेस के बीच कुल 68 प्वाइंट चिह्नित थे। प्रत्येक प्वाइंट पर जिला व महानगर इकाई के तीन से चार प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। इनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं की टीम लगी रही। वे पीएम के काफिले पर पुष्पवर्षा करते रहे। इस दौरान गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा।
एयरपोर्ट से मोहद्दीपुर तक कलाकारों से पटी रही सड़क
एयरपोर्ट से मोहद्दीपुर के बीच जगह-जगह स्वागत में कलाकार सुबह से ही जुट गए। एम्स के सामने और कूड़ाघाट के पास लोक संस्कृति को प्रस्तुत कर कलाकार सुबह से गोरखपुर की छटा बिखेरते रहे। इंदिरा बाल बिहार पर भी कलाकारों ने पीएम का स्वागत किया। प्रधानमंत्री के स्वगात में जिन कलाकारों ने अपनी कला से लोगों को सम्मोहित किया, उनमें पीलीभीत से आये थारू होली नृत्य कलाकार, बुंदेलखंडी राई नृत्य प्रस्तुत करने वाली झांसी से आई हुईं बेबी इमरान की टीम के कलाकार, माथुरा से आये मयूर नृत्य कलाकार, गोरखपुर के इंद्रासनी लोकनृत्य कलाकार और अयोध्या से आये पारंपरिक बधावा लोकनृत्य करने वाले कलाकार शामिल रहे।
डॉ. आमोदकांत/सियाराम
