अमेठी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि एशियन गेम्स में भारत की शक्ति एवं सामर्थ्य का प्रदर्शन चीन में हुआ है। प्रधानमंत्री के प्रोत्साहन स्वरूप यहां पहली बार भारतीय खिलाड़ियों ने 107 मेडल जीते। इसमें देश के लिए 25 फीसदी मेडल यूपी के खिलाड़ियों ने जीते।
मुख्यमंत्री योगी अमेठी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता-2023 के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने यहां बटन दबाकर 700 करोड़ की 879 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। भव्य आयोजन के लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद स्मृति ईरानी और प्रतिभाग के लिए 1.11 लाख खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अमेठी संसदीय क्षेत्र में सांसद खेलकूद प्रतियोगिता रोचक एवं प्रभावी रही है।
योगी ने कहा कि यूपी की खिलाड़ी एथलेटिक्स में पहले चीन से पीछे चल रही थी लेकिन अंतिम 30 सेकेंड में उसने पासा पलट दिया। जब उससे पूछा गया कि अंतिम समय में कैसे बाजी मारी तो उसने कहा कि इसके पीछे प्रधानमंत्री मोदी का प्रोत्साहन और यूपी सरकार द्वारा खिलाड़ियों के लिए किए जा रहे कार्यक्रम हैं। डिप्टी एसपी की नौकरी प्राप्त करनी है, इसलिए गोल्ड मेडल आवश्यक था। स्वर्ण पदक पाने वाले खिलाड़ियों को राज्य की तरफ से तीन-तीन करोड़ एवं डिप्टी एसपी का पद अभी से तैयार बैठा है। जब कहेंगे तो नियुक्ति पत्र जारी कर देंगे।
योगी ने कहा कि अमेठी को 30 वर्षों से जान रहा हूं। 2019 से पहले सांसद के दर्शन नहीं होते थे। इससे पहले चुने सांसद सिर्फ चुनाव में दर्शन देने आते थे। आपने स्मृति ईरानी को सांसद चुना तो वह सप्ताह-दस दिन में कोई न कोई सौगात लेकर अमेठी आती हैं। अमेठी आज नए रूप में पहचान बना रहा है। कोई सोचता था कि अमेठी में भी मेडिकल कॉलेज होगा। इसका निर्माण हो रहा है। डबल इंजन की सरकार में अमेठी के विकास में कोई बाधा नहीं है। जो भी आवश्यकता पड़ेगी, उसे बढ़ाने के लिए हम कृत संकल्पित हैं।
अमेठीवासियों ने सुना पीएम का विडियो संदेश
अमेठीवासियों ने प्रधानमंत्री मोदी व भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा का विडियो संदेश भी सुना। केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद स्मृति ईरानी ने मेरी माटी, मेरा देश के तहत मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को मिट्टी एवं चावल से भरा अमृत कलश भेंट किया। इस दौरान स्मृति ईरानी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, राज्य सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, अमेठी के प्रभारी व खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, विधायक सुरेश कुमार पासी, अशोक कोरी, विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल, शैलेंद्र प्रताप सिंह आदि की मौजूदगी रही।
विजेता खिलाड़ी हुए सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। दो दर्जन से अधिक बच्चे मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कार पाकर काफी प्रसन्नचित दिखे। मुख्यमंत्री ने विजेताओं से बातचीत भी की।
कबड्डी- गौरीगंज विधानसभा के रमन सिंह व टीम को 2.21 लाख का चेक
वालीबॉल- गौरीगंज के सौरभ सिंह व टीम को 2.21 लाख का चेक-ट्रॉफी
खो-खो- अमेठी की मुस्कान व टीम को 2.21 लाख का चेक-ट्रॉफी
क्रिकेट में तिलोई के देवेश प्रताप सिंह व टीम को 2.21 लाख का चेक-ट्रॉफी
क्रिकेट-मैन ऑफ द सीरीज- अमेठी के नीरज शुक्ल को मोटरसाइकिल की चाबी व मेडल
ऊंची कूद- जगदीशपुर विधानसभा के रामानंद सिंह को एलईडी व ट्रॉफी
लंबी कूद- तिलोई के सूरज कुमार को एलईडी व ट्रॉफी
200 मीटर रेस- गौरीगंज के लवली तिवारी को एलईडी व ट्रॉफी
400 मीटर रेस- गौरीगंज के अंकित को एलईडी व ट्रॉफी
800 मीटर रेस- अमेठी के रामाशीष को एलईडी व ट्रॉफी
बैडमिंटनः अमेठी की अर्पिता को टैबलेट व मेडल
शतरंजः अमेठी की कुमारी नंदिनी को टैबलेट व मेडल
भाषण प्रतियोगिता में जगदीशपुर की आकांक्षा तिवारी को टैबलेट
रंगोली में जगदीशपुर की प्रेरणा शर्मा को टैबलेट व मेडल
ऊंची कूद- गौरीगंज की सुनीता को टैबलेट व मेडल
लंबीकूद- गौरीगंज की विद्या यादव को टैबलेट व मेडल
200 मीटर रेस- अमेठी की प्राची वर्मा को टैबलेट व मेडल
400 मीटर रेस- गौरीगंज की रोशनी को टैबलेट व मेडल
800 मीटर रेस- गौरीगंज की मोनिका को टैबलेट व मेडल
बैडमिंटन में जगदीशपुर के आकाश को टैबलेट व मेडल
शतरंज (विद्यालयीय प्रतियोगिता) में तिलोई विस के मनीष कुमार को टैबलेट व मेडल
रंगोली में तिलोई के आकाश तिवारी को टैबलेट व मेडल
भाषण में जगदीशपुर के शशांक को टैबलेट व मेडल
ऊंची कूद में अमेठी के सुधांशु को टैबलेट व मेडल
लंबी कूद में गौरीगंज के अरुण को टैबलेट व मेडल
शतरंज में गौरीगंज के हिमांश कुमार बर्नवाल को टैबलेट व मेडल
रंगोली में अमेठी की सताक्षी पांडेय को टैबलेट व मेडल
भाषण में अमेठी की मुस्कान सोनी को टैबलेट व मेडल
दिलीप शुक्ल/पवन
