गोरखपुर (हि.स.)। बेनीगंज स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय कार्यालय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 07 दिसम्बर को गोरखपुर आगमन को लेकर बैठक हुई। इसमें व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान गोरखपुर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष डाॅ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 07 दिसम्बर को फर्टिलाइजर परिसर में खाद कारखाना और एम्स का लोकार्पण करेंगे। इसके उपरांत रैली को सम्बोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की रैली के मद्देनजर यहां तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि रैली को ऐतिहासिक और प्रदेश की सबसे बड़ी रैली बनाने के लिए भाजपा की टीम जी-तोड़ मेहनत भी कर रही है। बावजूद इसके व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारी अपने-अपने सहयोगियों के साथ पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर गोरखपुर के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की तैयारी भी है।
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय, प्रदीप शुक्ला, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, ओमप्रकाश शर्मा, रणविजय शाही, देवेश श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, पंकज जायसवाल, रत्नेश पांडेय, सत्येंद्र मिश्र, पवन चतुर्वेदी, उत्तम कुमार, शिवम पांडेय, विपुल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
गोरखपुर-बस्ती मण्डलों के सभी जिलों में चलेगा स्वच्छता अभियान
पीएम की रैली के एक दिन पूर्व यानी छह दिसम्बर गोरखपुर और बस्ती मंडल के सभी जिलों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दिन भाजपा कार्यकर्ता शहरी और ग्रामीण इलाकों में सफाई करेंगे। महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों की सफाई भी की जाएगी।
रैली के बाद भी चलेगा स्वच्छता अभियान
07 दिसम्बर को प्रधानमंत्री की रैली के बाद इस परिसर की सफाई का अभियान चलेगा। भाजपा की जिला और महानगर की टीम फर्टिलाइजर स्थित रैली स्थल की सफाई करेगी। बता दें कि पीएम की प्राथमिकताओं में स्वच्छता अभियान सर्वोपरि है।
उत्साहित है भाजपा की टीम
गोरखपुर में पीएम आगमन, खाद कारखाना व एम्स के लोकार्पण को लेकर भाजपा की टीम उत्साहित है। प्रधानमंत्री के स्वागत की हर स्तर पर तैयारी चल रही है।
