Friday, February 13, 2026
Homeराष्ट्रीयपिछले 3 दिनों में 22 नये मार्गों पर उड़ान सेवा शुरू :...

पिछले 3 दिनों में 22 नये मार्गों पर उड़ान सेवा शुरू : उड्डयन मंत्रालय

नई दिल्ली (हि.स.)। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत पिछले तीन दिनों में 22 नये मार्गों पर उड़ान सेवा शुरू की गई है। इनमें छह मार्ग पूर्वोत्तर भारत में हैं।

केंद्र सरकार ने हवाई संपर्क को प्रोत्‍साहन देने और हवाई यात्रा को आम जनता के लिए किफायती बनाने के लिए 21 अक्‍टूबर 2016 को क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़े देश का आम नागरिक) उड़ान का शुभारंभ किया था।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि देश के दूर-दराज के क्षेत्रों को जोड़ने के क्रम में उड़ान योजना के तहत पिछले तीन दिन में 22 नए मार्गों पर परिचालन शुरू किया गया, जिनमें से छह मार्ग पूर्वोत्तर भारत में हैं। उड़ान योजना के तहत शिलॉन्‍ग (मेघालय) से अगरतला (त्रिपुरा) तक की पहली सीधी उड़ान को आज शुरू किया गया। इससे पहले सोमवार को शिलॉन्‍ग (मेघालय) – सिलचर (असम) मार्ग पर उड़ानों का परिचालन सफलतापूर्वक शुरू किया गया।

अब तक उड़ान योजना के तहत भारत में ऐसे 57 हवाई अड्डों जहां विमान परिचालन बहुत कम या बेहद कम था (इनमें पांच हेलीपोर्ट और दो जल एयरोड्रोम शामिल हैं), वहां 347 मार्गों पर उड़ानों का परिचालन शुरू किया गया है।

इस साल 28 मार्च को उड़ान योजना के तहत 18 नए मार्गों पर परिचालन शुरू किया गया था। इनमें गोरखपुर (उत्‍तर प्रदेश) से लखनऊ (उत्‍तर प्रदेश), जो कि एक राज्‍य समर्थित उड़ान मार्ग है, कर्नूल (आंध्र प्रदेश) से बैंगलुरू (कर्नाटक), विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) और चेन्‍नई (तमिलनाडु), आगरा (उत्‍तर प्रदेश) से बैंगलुरू (कर्नाटक) तथा भोपाल, (मध्‍यप्रदेश), प्रयागराज (उत्‍तर प्रदेश) से भुवनेश्‍वर (ओडिशा) और भोपाल (मध्‍य प्रदेश) शामिल हैं। इन मार्गों के अलावा डिब्रूगढ़ (असम) से दीमापुर (नगालैंड) के बीच भी हवाई सम्‍पर्क कायम किया गया।

उड़ान-4 निविदा प्रक्रिया के तहत पिछले साल इंडिगो एयरलाइन्‍स को शिलॉन्‍ग – अगरतला, शिलॉन्‍ग –सिलचर, कर्नूल – बैंगलुरू, विशाखापट्टनम  और चेन्‍नई मार्गों पर परिचालन की जिम्‍मेदारी सौपी गई। इसके अलावा उड़ान-3 के तहत आगरा से बैंगलुरू और आगरा से भोपाल मार्ग, उड़ान-2 के तहत प्रयागराज से भुवनेश्‍वर और प्रयागराज से भोपाल मार्ग, और उड़ान-3 निविदा प्रक्रिया के तहत डिब्रूगढ़ से दीमापुर का मार्ग परिचालन के लिए सौंपा गया। एलायन्‍स एयर को उड़ान-3 निविदा प्रक्रिया के तहत लखनऊ-गोरखपुर मार्ग पर परिचालन की जिम्‍मेदारी सौंपी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular