Wednesday, March 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपिछली सरकारों ने आजमगढ़ के लोगों को दिया कट्टा, हमने दी कलम...

पिछली सरकारों ने आजमगढ़ के लोगों को दिया कट्टा, हमने दी कलम : योगी आदित्यनाथ

आजमगढ़ (हि.स.)। जिले में नगर निकाय चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने जहां भाजपा प्रत्याशियों को जीताने की अपील की, वहीं विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आजादी के बाद जो भी प्रदेश में सरकारें आईं, वह आजमगढ़ के लोगों को ‘कलम’ के स्थान पर कट्टा देने व तमंचा बनाने का काम किया। लेकिन हमने यहां युवाओं को शिक्षित बनाने के लिए महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री व सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर वह अब आजमगढ़ आयेंगे तो विकास के कारण पहचान नहीं पाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ करीब 25 मिनट की देरी से बुधवार को एसकेपी इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने जिले की तीन नगर पालिका व 13 नगरपंचायतों के प्रत्याशियों के लिए लोगों से वोट करने की अपील की।

इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि आजमगढ़ दुनिया के अंदर कभी अपने तेज और ओजस के लिए जाना जाता था, स्वतंत्र भारत के लिए देश की आजादी के लिए कुंवर वीर सिंह व क्रांतिकारियों के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ भी लड़ाई लड़ी गई। सभी का उद्देश्य था कि देश स्वतंत्र हो और अपनी सत्ता हो और बिना भेदभाव के शासन की योजना का लाभ पहुंचाया जाए। लेकिन यह जनपद विपरीत दिशा में बढ़ गया। जिन लोगों के हाथों में सत्ता की बागडोर आई, उन लोगों ने आजमगढ़ का दोहन किया। कुछ लोगों ने यहां कट्टा देने का प्रयास किया तो कुछ लोगों ने तमंचे बनाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि पहली बार एक कलाकार आजमगढ़ से सांसद बना है, इसलिए उनकी मांग पर आजमगढ़ में संगीत महाविद्यालय बना। हमारी सरकार आजमगढ़ को उसकी पहचान दिलाने के लिए कटिबद्ध है। यह जनपद फिर से अपने गौरवशाली इतिहास के लिए जाना जा सके।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं के हाथ में अब तमंचे नहीं, युवा टेक्नोलॉजी के साथ जुड़ रहा है। शहर को स्मार्ट सिटी बनाई जा रही है, अब उत्तर प्रदेश की पहचान देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों के रूप में बढ़ रही है, यह प्रधानमंत्री मोदी जी का मार्गदर्शन है।

अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज है, प्रदेश में कहीं कर्फ्यू नहीं लगता है। पहले उपद्रव होते थे, हमारे उत्सव को प्रतिबंधित किया जाता था। पांच साल पहले पूर्व सीएम (अखिलेश) आए थे यहां चुनाव लड़ने, अब आएंगे तो पहचान भी नहीं पाएंगे। डबल इंजन के साथ अब तीसरा इंजन जुड़ेगा तो विकास की गति 3 गुना 4 गुना 5 गुना हो जाएगी। विकास के लिए पैसे की कमी नहीं है, लेकिन उस पैसे का सही उपयोग हो। भारतीय जनता पार्टी ने सभी प्रत्याशियों को खड़ा कर दिया है यह सभी प्रत्याशी जीतेंगे तो कोई विकास का प्रस्ताव रुकने नहीं पाएगा। उन्होंने जनता से दोनों हाथ उठाकर समर्थन भी मांगा।

राजीव/राजेश तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular