कानपुर (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र रतनपुर गांव में शनिवार सुबह पिकअप चालक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त की और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
कानपुर देहात के नवीपुर गांव निवासी बाबू (48) पिकअप चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वर्तमान में घाटमपुर के रतनपुर में रहता था। शनिवार सुबह उसका शव रतनपुर गांव में रोड किनारे स्थित बबूल के पेड़ से लटका देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसकी पहचान करते हुए परिवार को जानकारी दी। खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर आ गए।
घाटमपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार दुबे ने बताया कि अभी तक परिवार के लोगों ने कोई तहरीर नहीं दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
राम बहादुर
