– जेल प्रशासन ने हार्ट अटैक बताया मौत की वजह, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कानपुर (हि.स.)। जनपद में बसपा सुप्रीमो मायावती को चांद पर प्लॉट देने की बात कहकर सुर्खियों में आए हिस्ट्रीशीटर पिंटू सेंगर की हत्या में मुख्य आरोपित के भाई की जेल की कैद में मौत हो गई। इसकी जानकारी पर मृतक के घरवाले कस्टडी में हत्या किए जाने का आरोप लगाने लगे। जबकि जेल प्रशासन ने हार्ट अटैक से मौत की बात कही है। मामले में कानून व्यवस्था को देखते हुए मृतक के घर पर पुलिस बल तैनात कर दी गई है।
चकेरी थाना क्षेत्र में बीती 20 जून को जाजमऊ इलाके में पूर्व बसपा नेता व 90 के दशक में कुख्यात अपराधी रहे हिस्ट्रीशीटर पिंटू सेंगर की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गयी थी। घटना को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल सवार शूटर बदमाश मौके से फरार हो गए थे। इस हत्याकांड में पुलिस ने शूटर व मुख्य आरोपित हिस्ट्रीशीटर पप्पू स्मार्ट व उसके भाई तौफीक उर्फ कक्कू सहित कई बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। देर रात को अचानक हिस्ट्रीशीटर के भाई आरोपित तौफीक की तबियत बिगड़ गई।
जेल डॉक्टर द्वारा आरोपित का इलाज किया गया। लेकिन, इस बीच उसकी सांसें थम गई। लगभग मध्यरात्रि के बाद तीन बजे कैदी की मौत होते ही जेल प्रबंधन सकते में आ गया। जेल प्रशासन ने मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया जाने लगा। रविवार की सुबह मृतक का शव पोस्टमार्टम भेजा गया है।
जेल प्रशासन के मुताबिक सीने में दर्द की शिकायत के बाद इलाज शुरू कराया गया। लेकिन, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रथम दृष्ट्या हार्ट अटैक से मौत होने की बात सामने आ रही है। पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
उधर, मृतक तौफीक के परिजनों ने जेल प्रबंधन पर मिलीभगत कर हत्या कराए जाने का आरोप लगाया है। इस आरोप के चलते व घटना को देखते हुए मृतक के घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
