Thursday, March 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपासिंग आउट परेड के दौरान गिरा सूखा पेड़, दो महिलाएं घायल

पासिंग आउट परेड के दौरान गिरा सूखा पेड़, दो महिलाएं घायल

– बेटों की पासिंग आउट परेड देखने आई थी महिलाएं

मुरादाबाद (हि.स.)। जनपद में मंगलवार को 24वीं वाहिनी पीएसी के परेड ग्राउंड में पासिंग आउट परेड के दौरान एक सूखा पेड़ टूटकर दर्शक दीर्घा में गिर गया। इसकी चपेट में आकर दो महिलाएं घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्प्ताल में भर्ती कराया गया। ये महिलाएं परेड में भाग ले रहे प्रशिक्षु जवानों की माताएं हैं।

मंगलवार को कांठ रोड स्थित 24वीं वाहिनी पीएसी के परेड ग्राउंड में 269 पीएसी जवानों की परेड आयोजित हो रही थी। परेड के अंतिम क्षणों में ग्राउंड में लगा एक सूखा पेड़ अचानक टूट कर नीचे गिर गया। जिससे दर्शक दीर्घा में दो प्रशिक्षु पीएसी जवानों की परेड देखने आईं दो माताएं घायल हो गई हैं। इस दौरान परेड ग्राउंड में अफरा-तफरी मच गईं। आनन-फानन में पीएसी जवानों ने घायल महिलाओं को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में घायल हुई महिलाएं अलीगढ़ के टप्पल निवासी कमलेश देवी और बुलंदशहर के सारंगपुर निवासी रामवती थी। इसमें कमलेश देवी का बेटा प्रशिक्षु पीएसी जवान सोनू कुमार और रामवती का बेटा अजीत पासिंग आउट परेड में भाग ले रहा था।

जिला अस्पताल इमरजेंसी विभाग के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि घायल महिलाओं को भर्ती कर लिया गया है और उनका इलाज सुचारू रूप से जारी हैं।

निमित जायसवाल

RELATED ARTICLES

Most Popular