Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपावर ग्रिड ने 200 परिषदीय विद्यालयों को 5000 डेस्क-बेंच देने के लिए...

पावर ग्रिड ने 200 परिषदीय विद्यालयों को 5000 डेस्क-बेंच देने के लिए दी सहमति

वाराणसी (हि.स.)। पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ने परिषदीय विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्था में सुधार के लिए बड़ी पहल की है। पावरग्रिड अपने विद्युत पारेषण के मुख्य कार्य के साथ-साथ सीएसआर पहल के तहत वाराणसी के 200 परिषदीय विद्यालयों को 5000 डेस्क-बेंच और 200 आंगनवाड़ी केंद्रों को किट देने के लिए सहमति दी है। मंगलवार को कचहरी स्थित विकास भवन सभागार में मेयर अशोक तिवारी, जिलाधिकारी एस राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की मौजूदगी में पावरग्रिड ने 2.27 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से वाराणसी जनपद के 200 परिषदीय विद्यालयों के लिए डेस्क-बेंच एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए 200 आंगनवाड़ी किट प्रदान किए जाने के लिए जिला प्रशासन के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया।

पावरग्रिड की तरफ से वरिष्ठ महाप्रबंधक अरुण कुमार राय एवं जिला प्रशासन की ओर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अरविन्द पाठक एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि बनारस धीरे-धीरे बदल रहा है। व्यवस्था के बारे में, सुविधा के बारे में, जिम्मेदारी के बारे में। सुबह सबसे पहले ये सोचें मैं आज समाज को क्या दे सकता हूं। हम अपना कार्य ईमानदारी से करें।

उन्होंने बताया कि पावरग्रिड अपने विद्युत पारेषण के मुख्य कार्य के साथ-साथ सीएसआर पहल के तहत चहुंमुखी परियोजना दृष्टिकोण अपनाते हुए समाज में योगदान देता रहा है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए मुख्य विकास अधिकारी,वाराणसी हिमांशु नागपाल की पहल पर पावरग्रिड ने इस प्रस्ताव पर सहमति प्रदान किया है । इस संबंध में आज समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्य सितंबर 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। कार्य के पूरा होने से वाराणसी जनपद के 200 परिषदीय विद्यायलों में पढ़ने वाले छात्र छात्राएं लाभान्वित होंगे । आंगनवाड़ी केंद्रों पर शिक्षा पाने वाले नौनिहालों को खेल-खेल में शिक्षित करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे।

इस दौरान पावरग्रिड के उप महाप्रबंधक राज कुमार, मुख्य प्रबंधक आलोक जायसवाल, मानव संसाधन प्रभारी विनोद कुमार आदि भी मौजूद रहे।

श्रीधर/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular