गाजियाबाद (हि.स.)। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने शनिवार को मेयर व मोहननगर जोन के पार्षदों को आश्वस्त किया कि दशहरा से पहले हिंडनपार की स्ट्रीट लाइट की समस्या को हल कर दिया जायेगा। बाकी समस्याओं के निस्तारण के लिए भी उन्होंने अपने मातहत अधिकारियों को निर्देश दिए।
दरअसल, मेयर आशा शर्मा व नगर आयुक्त ने शहर की जन समस्याओं का समाधान निकालने के लिए समय-समय पर सभी पांचों जोन के पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ मेयर और नगर आयुक्त सामूहिक बैठक का निर्णय लिया है।
इसी कड़ी में शनिवार को इसकी शुरूआत मोहन नगर जोन से शुरू हो गयी। नगर निगम मुख्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में मोहननगर जोन से जुड़े सभी वार्डो के पार्षद निगम प्रशासन से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। मेयर आशा शर्मा और नगर आयुक्त महेन्द्र सिंह तंवर भी इस बैठक में मौजूद थे।
बैठक में सबसे बड़ी समस्या स्ट्रीट लाइट को लेकर थी। इस संबध में नगर आयुक्त ने बताया कि प्रकाश विभाग को आदेश जारी कर दिये गये है कि शहर के सभी वार्डो की स्ट्रीट लाइट दशहरे से पहले दुरूस्त कर दी जायेगी।
उन्होंने बताया कि प्रकाश विभाग के कर्मचारी संबंधित वार्ड के पार्षदों से समन्वय रखेंगे, ताकि कोई भी वार्ड प्रकाश व्यवस्था से अछूता न रहे। इसके अलावा बैठक में सफाई समस्या पार्को की समस्या और सार्वजनिक शौचालयों में ताले व अन्य मामलों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में मेयर ने साफ कर दिया कि किसी भी वार्ड में यदि कर्मचारियों के कारण समस्या उत्पन्न हुई तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
गाजियाबाद नगर निमग में पांच जोन है, इनमें मोहननगर, सिटी, वसुन्धरा, विजय नगर जोन व कवि नगर शामिल है। मेयर आशा शर्मा ने बताया कि सभी जोन की बैठक अलग अलग अधिकारियों के साथ आहूत हुआ करेगी, ताकि किसी भी वार्ड की समस्या बिना समाधान के न रह जाये।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त आरएन पाण्डे, मुख्य अभियंता मोइनुददीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, एमके सिंह उद्यान अधिकारी, डा. अनुज सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।
