कानपुर(हि.स.)। कम लागत में चारा उत्पादन करने एवं वर्ष भर हरे चारे की उपलब्धता बनाए रखने के लिए पारंपरिक हरा चारा के साथ-साथ दुधारू पशुओं को दाना देना अति आवश्यक है।जिसके लिए किसानों के खेत में सभी तरह की फसलें उगाई जाती है। यह जानकारी शुक्रवार को कानपुर के मैथा विकासखंड के भोला नवादा गांव में आयोजित दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के मौके पर चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पशुपालन वैज्ञानिक डॉक्टर शशिकांत ने दी।
उन्होंने बताया कि किसानों को स्थानीय खाद्य पदार्थों से संतुलित आहार बनाने की तकनीक को जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारे प्रदेश में सूखा चारा 253, हरा चारा 143 एवं दाना 23 मिलियन टन उपलब्ध है। जबकि सूखा चारा 416, हरा चारा 222 एवं दाना 53 मिलियन टन चारे की मांग है। इस प्रकार सूखा चारा में 40 प्रतिशत, हरे चारे में 36 प्रतिशत एवं दाने में 57 प्रतिशत की कमी है, इस कमी को पूरा करने के लिए कम लागत में चारा उत्पादन करने एवं वर्ष भर हरे चारे की उपलब्धता बनाए रखने के लिए पारंपरिक हरा चारा के साथ-साथ दुधारू पशुओं को दाना देना अति आवश्यक है।
खेत में सभी तरह की फसलें उगाई जाती है। जिसमें किसान कम लागत में अच्छा से अच्छा पशु आहार बना सकता है, जिसमें किसान गेहूं का चोकर 40 भाग, जई, मक्का, जौ 30 भाग, दलहनी फसलों की चूरी 06 भाग, खली 21 भाग, नमक 01 किलो तथा मिनरल मिश्रण 02 किलो मिला कर यह पूरी मात्रा 100 किलो हो जाती है। इस प्रकार कम लागत में संतुलित पशु आहार तैयार हो जाता है। जिससे किसान भाई कम खर्च में अपने पशुओं को आसानी से यह राशन बनाकर खिला सकते हैं यह राशन बाजार से सस्ते एवं स्वास्थ्यवर्धक होंगे।
केंद्र के वैज्ञानिक डॉक्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हमारे देश में दुधारू पशुओं की संख्या पर्याप्त है जिनका दूध उत्पादन इस वर्ष 221 मैट्रिक टन है जबकि हमारे प्रदेश का स्थान दूसरे नंबर पर आता है। जबकि देश पूरे विश्व में प्रथम स्थान पर पाया जाता है।
खेत में काम करने वालों को प्रतिदिन दूध खाना अति आवश्यक
प्रसार वैज्ञानिक डॉक्टर राजेश राय ने बताया कि हमारे देश में जब किसान के पास कुछ भी नहीं रहता, तो पशुपालन इसका मुख्य धंधा बन जाता है। केंद्र की गृह वैज्ञानिक डॉक्टर निमिषा अवस्थी ने किसानों को बताया की खेत में कार्य करने वाले लोगो के लिए प्रतिदिन कम से कम 250 मिली लीटर दूध शाम के समय सोने से पूर्व सेवन कर चाहिए।
राम बहादुर/मोहित
