पूरे मरीजों की विस्तृत जांच, शुगर, रक्तचाप, ईसीजी अन्य चेक अप भी
वाराणसी (हि.स.)। पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती मनोरोगियों की मौत का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक महिला के दम तोड़ते ही सोशल मीडिया में लोग नाराजगी जताने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा भी अस्पताल में पहुंच गये। अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल के चिकित्सकों के साथ मैराथन बैठक कर व्यवस्था में सुधार का सख्त निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि मानसिक चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की तथा इलाज की गुणवत्ता के जांच के लिए एडीएम प्रोटोकॉल और सीएमओ की जांच समिति ने गत मंगलवार शाम अस्पताल प्रशासन की कई लापरवाही उजागर की थी। जिस पर उन्होंने रात में ही अस्पताल के निदेशक को पत्र जारी कर24 घंटे में आज शाम तक कई बिंदुओं का अनुपालन कराने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी ने बताया कि अस्पताल के सभी इनडोर मरीजों की विस्तृत जांच भी चिकित्सकों की टीम ने की है। अस्पताल के चिकित्सकों को वार्ड वार जांच के लिए नामित करते हुए सभी मरीजों की शुगर, रक्तचाप, ईसीजी अन्य चेक अप कराए जा रहे हैं । इसके लिए बाहर से भी चिकित्सक लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि आवश्यकता होगी तो गुरुवार 16 जून को भी भी ये कार्य चलेगा। गर्मी को देखते हुए जो भी व्यवस्थाएं होनी चाहिए। उनमें से काफी ठीक हुई हैं और उनको आज पूर्ण कराया जा रहा है। अस्पताल का आय व्यय, संसाधनों का उपयोग आदि वित्तीय जांच के लिए अलग से मुख्य कोषाधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है जो आज से जांच शुरू करेगी।
मानसिक चिकित्सालय में दुर्व्यवस्थाओं के चलते मरीजों की हालत दयनीय है। वहां कार्यरत चिकित्सकों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहा है। पिछले एक सप्ताह में एक बंदी यहां की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर भाग चुका है। एक बंदी कर्मचारियों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल है। वहीं, एक सप्ताह के अंदर पांच मनोरोगियों की मौत हो चुकी है।
श्रीधर
