Friday, March 13, 2026
Homeकानपुरपांडु नदी में पाए गए किशोर के परिजनों ने ताऊ पर लगाया...

पांडु नदी में पाए गए किशोर के परिजनों ने ताऊ पर लगाया हत्या का आरोप

कानपुर (हि.स.)। कानपुर गुजैनी थाना क्षेत्र से गायब हुए छात्र का शव बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम नदी में पाया गया था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचकर परिवार के लोगों ने उसकी पहचान की। परिवार के लोगों ने मृतक छात्र के ताऊ पर ही करोड़ों की प्रॉपर्टी हड़पने को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। गुजैनी थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने बताया कि जरौली फेस-2 में रहने वाले रिटायर सैन्य कर्मी जय स्वरूप पांडेय का बेटा रमन 17 वर्ष इंटर का छात्र था। छात्र की मां सुधा ने बताया कि 28 अगस्त को रमन डिनर करने के बाद घर के बाहर टहलने निकला था, लेकिन इसके बाद लौटकर नहीं आया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर सभी नजदीकियों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुजैनी थाने में रमन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

गुरुवार शाम को बिधनू थाना क्षेत्र स्थित पांडु नदी में एक युवक का शव मिला था। जानकारी मिलने पर शुक्रवार सुबह परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। शव की शिनाख्त अपने बेटे रमन के रूप में की है। मृत छात्र के पिता जय स्वरूप और मां सुधा ने आरोप लगाया कि ताऊ रामस्वरूप ने करोड़ों की संपत्ति के लिए मर्डर कर शव को पांडु नदी में फिंकवाया है। परिवार के आरोप के आधार पर गुजैनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, गुजैनी थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत का कारण साफ हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।

राम बहादुर/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular