– मजदूर को नोटिस मिलते ही मचा हड़कंप, पीड़ित ने एसपी को पत्र सौंप लगाई गुहार
मीरजापुर (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्रांर्गत गंगहरा कला गांव निवासी मजदूर को पंजाब पुलिस से एक फरवरी को छह लाख से अधिक का मोबाइल नम्बर से किए गए साइबर अपराध की नोटिस मिली है। नोटिस मिलते ही मजदूर का पूरा परिवार परेशान हो उठा। सन 2017 में नोएडा में मजदूरी कर वापस लौटते समय मोबाइल गुम हो गया था। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई है।
गंगहरा कला गांव निवासी शंकरलाल ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वर्ष 2017 में नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी के दौरान उसका मोबाइल खोया गया था। एक फरवरी 2023 को पंजाब पुलिस की साइबर सेल से अब उसे नोटिस भेजा गया है। मिले नोटिस में छह लाख नौ हजार 999 रुपये का उस मोबाइल नम्बर से साइबर अपराध हुआ है। पीड़ित के विरुद्ध धारा 420, 120 बी भादवि थाना पीएस स्टेट साइबर क्राइम प्रेस चार, एसएएस नागर पंजाब में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़ित मजदूर शंकरलाल ने अपने को निर्दोष बताते हुए कहा कि जितने रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है उतना मैंने अपनी जिन्दगी में कभी देखा ही नहीं है। इसमें अपने को निर्दोष बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
गिरजा शंकर
